Breaking News

पुलिस ने मोटरें चुराने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 13 चोरी मोटरें बरामद की

पुलिस ने मोटरें चुराने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 13 चोरी मोटरें बरामद की

काशीपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में कोतवाली काशीपुर पुलिस ने खेतों से मोटरें चुराने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 13 चोरी मोटरें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 1.50 लाख रूपये है। इस कार्रवाई से किसानों को बड़ी राहत मिली है। विदित हो कि विगत 12 जून को मलकीत सिंह पुत्र गुरमेज सिंह, निवासी जुडका नं. 1 कुण्डेश्वरी काशीपुर ने अपने खेत से पानी की मोटरें चोरी होने की तहरीर थाना काशीपुर में दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना काशीपुर में धारा 303(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया। अभियोग के शीघ्र अनावरण हेतु एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, लेकिन आस-पास कोई सीसीटीवी कैमरे नहीं होने पर पुलिस टीम ने मैनुअल पुलिसिंग पर जोर दिया और गोपनीय तरीके से संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई। गहन पड़ताल के बाद, पुलिस ने दो संदिग्धों, गुरजीत सिंह उर्फ गित्तू पुत्र त्रिलोचन सिंह और भजन सिंह पुत्र नत्थन सिंह, निवासीगण गोविंदपुर कुण्डेश्वरी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। संदिग्धों से कड़ाई से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उनकी निशानदेही पर, पुलिस ने विभिन्न कंपनियों और रंगों की 13 पानी की मोटरें बरामद कीं। इन 13 मोटरों में से 02 मोटरें उपरोक्त अभियोग से संबंधित थीं, जबकि शेष 11 अन्य मोटरों को धारा 35/106 बीएनएसएस में कब्जे पुलिस लिया गया है, जिनकी तस्दीक की जा रही है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिन और शाम के समय सुनसान और अकेले खेतों की रेकी करते थे, जहां पानी की मोटरें लगी होती थीं। अंधेरा होने पर मौका पाकर वे इन मोटरों को चोरी कर लेते थे और आस-पास के जंगलों में छिपा देते थे। बाद में, सही मौका देखकर वे इन चोरी की मोटरों को अच्छे दामों पर बेच देते थे। अभियुक्तों ने यह भी बताया कि वे मोटर खोलने का काम रात 8 बजे से 11 बजे के आसपास करते थे ताकि किसी को कोई शक न हो। बरामदगी और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के आधार पर अभियोग में धारा 3(5)/317 (2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अमर चंद शर्मा, उपनिरीक्षक संतोष देवरानी व देवेंद्र सामंत, कांस्टेबल जगदीश पपनै, किशोर फर्त्याल व वीरेंद्र बिष्ट शामिल थे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.