Breaking News

“सड़क हादसे में रूद्रपुर का एक और नौजवान काल का ग्रास—अनियंत्रित बस ने ली शंकर मंडल की जान, पोस्टमार्टम में देरी पर गाबा ने जताया रोष

रूद्रपुर: मटकोटा–जयनगर–दिनेशपुर मार्ग पर हो रहे लगातार सड़क हादसों ने एक और परिवार की खुशियाँ छीन लीं। शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक हादसे में रूद्रपुर के जगतपुरा वार्ड 05 निवासी 32 वर्षीय शंकर मंडल पुत्र प्रफुल्ल मंडल की मौके पर ही मौत हो गई। शंकर फ़्लेक्स डिज़ाइनिंग का कार्य करते थे और अपने परिवार के अकेले कमाने वाले सदस्य थे।

जानकारी के अनुसार, शंकर मंडल जयनगर क्षेत्र स्थित अपनी ससुराल में ममेरे साले की शादी समारोह में सम्मिलित होने पहुँचे थे। देर रात वे अपनी पत्नी और दो बच्चों को ससुराल पर छोड़कर नज़दीक स्थित शादी वाले घर की ओर जा रहे थे कि मटकोटा–जयनगर–दिनेशपुर मार्ग पर पीछे से आ रही एक अनियंत्रित बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से शंकर सामने चल रहे डंपर से जा टकराए और गिर पड़े। इसी दौरान अनियंत्रित बस ने दोबारा उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

Advertisement

हादसे के बाद देर रात शंकर की पार्थिव देह को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया। शनिवार प्रातः समाजसेवी सुशील गाबा पोस्टमार्टम हाउस पहुँचे और शोकाकुल परिजनों से मिलकर संवेदना प्रकट की। उन्होंने पोस्टमार्टम में हो रही अनावश्यक देरी पर नाराज़गी जताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को इस संबंध में कार्रवाई करने की मांग की।

समाजसेवी गाबा ने कहा कि मटकोटा–जयनगर–दिनेशपुर मार्ग पर लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं ने कई घरों के चिराग बुझा दिए हैं। यह सड़क वर्तमान में निर्माणाधीन है, लेकिन निर्माण की गुणवत्ता और चौड़ाई दोनों पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने शासन–प्रशासन से मांग की कि सड़क का निर्माण उच्च गुणवत्ता के मानकों के अनुसार किया जाए और चौड़ाई बढ़ाई जाए, ताकि हादसों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।

स्थानीय लोगों का भी कहना है कि सड़क पर रात के समय भारी वाहनों की तेज रफ्तार और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न होने के कारण दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। वार्डवासियों ने सरकार और प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.