ख़बरीलाल ख़ोज, (मनीश बावा)रुद्रपुर: ओमेक्स निवासी स्वर्गीय श्रीराम अरोड़ा जी के देहावसान के पश्चात उनके सुपुत्र श्री तरुण अरोड़ा द्वारा नेत्रदान हेतु सहमति प्रदान कर समाज के समक्ष एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया।

इस पुण्य कार्य में राकेश दुनेजा, प्रीतपाल सिंह एवं उपस्थित परिजनों का विशेष सहयोग रहा। नेत्रदान की प्रक्रिया रुद्रपुर स्थित महाराजा अग्रसेन ग्लोबल चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में संपन्न हुई। इस अवसर पर ट्रस्ट के चेयरमैन एस. के. मित्तल की उपस्थिति रही तथा डॉ. एल. एम. उप्रेती के निर्देशन में आई टेक्नीशियन मनीष रावत द्वारा नेत्र संकलन की प्रक्रिया पूर्ण की गई।
इस नेत्रदान से दो दृष्टिहीन व्यक्तियों के जीवन में पुनः प्रकाश आने की संभावना बनी है।
महाराजा अग्रसेन ग्लोबल चैरिटेबल ट्रस्ट के ट्रस्टियों ने इस पुनीत कार्य हेतु राकेश दुनेजा, भारत विकास परिषद एवं सोचो डिफरेंट संस्था के सभी माननीय सदस्यों का आभार व्यक्त किया तथा अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं से भी नेत्रदान जैसे महादान में सहयोग की अपील की।



