Breaking News

डायनामिक गार्डन सिटी में प्लॉट के नाम पर लाखों की ठगी, बिल्डरों पर मुकदमा दर्ज

डायनामिक गार्डन सिटी में प्लॉट के नाम पर लाखों की ठगी, बिल्डरों पर मुकदमा दर्ज
रुद्रपुर: किच्छा रोड स्थित डायनामिक गार्डन सिटी में प्लॉट आवंटन के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ितों की तहरीर के आधार पर बिल्डरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि पूरी रकम लेने के बावजूद न तो प्लॉट की रजिस्ट्री कराई गई और न ही पैसा वापस किया गया।
पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल घुड़सवार नईम खान और मोहम्मद यार खान ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उन्होंने वर्ष 2023 से पूर्व डायनामिक गार्डन सिटी में प्लॉट संख्या 189 बुक कराया था। इसके लिए उन्होंने अपनी पुश्तैनी जमीन बेचकर और बैंक से कर्ज लेकर कुल 28 लाख 11 हजार रुपये बिल्डरों को अदा किए थे। पूरा भुगतान होने के बाद कंपनी द्वारा मार्च 2023 में अलॉटमेंट लेटर भी जारी कर दिया गया था।
पीड़ितों का कहना है कि उस समय बिल्डरों ने बताया था कि उक्त प्लॉट विकास प्राधिकरण और रेरा से स्वीकृत है। जब उन्होंने प्लॉट की रजिस्ट्री के लिए बिल्डर सुधीर गुलाटी और मनीष अग्रवाल से संपर्क किया तो वे लगातार टालमटोल करने लगे। करीब छह माह पूर्व सुधीर गुलाटी ने आश्वासन दिया था कि यदि मार्च 2025 तक रजिस्ट्री नहीं हो पाई तो वर्तमान बाजार दर के अनुसार प्लॉट की कीमत या फिर जमा की गई राशि का दोगुना पैसा वापस किया जाएगा।
आरोप है कि इसके बाद से बिल्डरों ने पीड़ितों के फोन उठाने भी बंद कर दिए। पीड़ितों ने बताया कि उन्होंने 15 लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से, 50 हजार रुपये फोन-पे के जरिए तथा शेष 12 लाख 61 हजार रुपये नकद रूप में धीरज शर्मा और राजीव तिवारी के माध्यम से कंपनी को दिए थे।
काफी समय बीत जाने के बाद भी जब न तो प्लॉट मिला और न ही रकम वापस हुई तो पीड़ितों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बिल्डर सुधीर गुलाटी और मनीष अग्रवाल के विरुद्ध धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक संतोष कुमार द्वारा की जा रही है।

Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.