रुद्रपुर में इंश्योरेंस घोटाला: निजी अस्पताल ने कंपनियों को लगाया लाखों का चूना,₹50 हजार के इलाज का 2 से 3 लाख तक बिल

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा)रुद्रपुर: रुद्रपुर में निजी अस्पताल द्वारा प्राइवेट इंश्योरेंस कंपनियों के साथ बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी किए जाने का गंभीर मामला सामने आ रहा है। सूत्रों के अनुसार, जहां सामान्य इलाज की वास्तविक लागत लगभग ₹50,000 होती है, वहीं निजी अस्पताल प्रबंधन इंश्योरेंस कंपनियों से ₹2 लाख से ₹3 लाख तक का भुगतान वसूल कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह पूरा खेल फर्जी बिलिंग और बढ़ा-चढ़ाकर इलाज का खर्च दिखाने के जरिए किया जा रहा है। कागज़ों में इलाज और खर्च कुछ और, जबकि हकीकत में मरीज को सीमित सुविधाएं देकर लाखों की राशि इंश्योरेंस कंपनियों से वसूली जा रही है।
सूत्रों का दावा है कि हल्द्वानी रोड स्थित रुद्रपुर का एक निजी अस्पताल इस अवैध कारोबार का बड़ा केंद्र बना हुआ है, जो अब तक इंश्योरेंस कंपनियों को लाखों रुपये का चूना लगा चुका है। हालांकि फिलहाल अस्पताल का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन जल्द ही पूरे मामले के सबूतों के साथ अस्पताल का नाम उजागर किया जाएगा।
जानकारों के अनुसार, यह सिर्फ आर्थिक धोखाधड़ी नहीं बल्कि संगठित अपराध की श्रेणी में आता है, जिसमें अस्पताल प्रबंधन, कुछ एजेंट और संभावित रूप से इंश्योरेंस से जुड़े कुछ लोग भी शामिल हो सकते हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि —
क्या स्वास्थ्य विभाग इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराएगा?
क्या इंश्योरेंस कंपनियां दोषी अस्पतालों पर कानूनी कार्रवाई करेंगी?
और कब तक मरीजों और कंपनियों को इस तरह लूटा जाता रहेगा?
फिलहाल मामला जांच का विषय बना हुआ है और आने वाले दिनों में इस घोटाले से जुड़े कई बड़े नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।



