बाजपुर में शहीद दिवस पर सेवानिवृत्त पैरामिलिट्री फोर्स की समस्याओं को लेकर बैठक आयोजित
ख़बरीलाल खोज ( मनीश बावा)बाजपुर: जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर के तत्वावधान में 30 जनवरी को शहीद दिवस के अवसर पर सेवानिवृत्त पैरामिलिट्री फोर्स कर्मियों की समस्याओं को सुनने एवं समाधान के उद्देश्य से एक बैठक का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज योगेंद्र कुमार सागर के निर्देश पर आयोजित किया गया।
इस अवसर पर बाजपुर क्षेत्र में शहीद दिवस जागरूकता अभियान भी चलाया गया, जिसमें सेवानिवृत्त पैरामिलिट्री फोर्स एवं पूर्व सैनिकों की विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली गई। बैठक में बाजपुर पूर्व सैनिक संगठन को भी चर्चा में शामिल किया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से नियुक्त पीएलवी शशि गुप्ता एवं ममता शर्मा ने बताया कि शहीद दिवस के अवसर पर पूर्व सैनिकों की जनसमस्याओं को सुनना प्राथमिकता है। उन्होंने उपस्थित पूर्व सैनिकों से अपनी समस्याएं खुलकर रखने का आह्वान किया तथा जानकारी दी कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से निःशुल्क अधिवक्ता की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
वहीं पीएलवी शिवानी दीपक, संगीता एवं निशा परवीन ने संयुक्त रूप से बताया कि आमजन को जिला न्यायालय से मिलने वाले निःशुल्क विधिक लाभों की जानकारी देना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि 30 जनवरी को शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है, जब देश राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करता है। यह दिन सत्य, अहिंसा और बलिदान के मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है।
पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष कैप्टन एल.डी. जोशी ने कहा कि 30 जनवरी 1948 को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की नाथूराम गोडसे द्वारा हत्या की गई थी, इसी कारण यह दिन शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि भारत में शहीद दिवस विभिन्न तिथियों—जैसे 30 जनवरी और 23 मार्च—को मनाया जाता है, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सर्वोदय दिवस के रूप में भी जाना जाता है।
इस अवसर पर पूर्व सैनिक संगठन के सचिव कैप्टन सुरेश पांडे, उपसचिव प्रभाकर कोरंगा, कमेंद्र सिंह, कीर्ति चंदोला, किशन सिंह बिष्ट, चंदन सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।




