कलम पर हमला बर्दाश्त नहीं, रुद्रपुर में पत्रकारों का फूटा गुस्सा,पत्रकारों की बात सुन SSP मणिकांत मिश्रा ने दिया भरोसा

रुद्रपुर: पत्रकारों के सम्मान और स्वतंत्र पत्रकारिता के मुद्दे को लेकर गुरुवार को रुद्रपुर सिटी क्लब में पत्रकारों की एक बड़ी बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पत्रकार रुपेश सिंह के खिलाफ की गई अभद्र एवं अमर्यादित टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की गई, वहीं काशीपुर के पत्रकार हिमांशु ठाकुर पर दर्ज मुकदमे को भी गलत और जल्दबाजी में की गई कार्रवाई बताया गया।
बैठक में रुद्रपुर के साथ-साथ बाजपुर, गदरपुर, दिनेशपुर, किच्छा सहित अन्य क्षेत्रों से आए सैकड़ों पत्रकारों ने हिस्सा लिया। वक्ताओं ने साफ कहा कि आपसी गुटबाजी के कारण पत्रकारों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और इसी का फायदा उठाकर कुछ लोग पत्रकारों को धमकाने व अपशब्दों का प्रयोग करने लगे हैं।
वरिष्ठ पत्रकार द्वारा जनहित में चलाई गई खबर पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि अनसुनी आवाज को दबाने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में मौजूद पत्रकारों ने ऐसे कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
बैठक में काशीपुर के पत्रकार हिमांशु ठाकुर पर दर्ज मुकदमे को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि जिस ऑडियो को मुकदमे का आधार बनाया गया है, उसमें कहीं भी पत्रकार द्वारा किसी प्रकार की मांग करते हुए नहीं सुना जा रहा है। ऐसे में पुलिस को मुकदमा दर्ज करने से पहले निष्पक्ष जांच करनी चाहिए थी।
बैठक के बाद सभी पत्रकार एसएसपी आवास पहुंचे, जहां उन्होंने एसएसपी मणिकांत मिश्रा से मुलाकात कर दोनों ही मामलों की जानकारी साझा की। एसएसपी ने पत्रकारों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर आकाश आहूजा, रुपेश कुमार सिंह, कंचन वर्मा, भरत शाह, पूरन रावत, अजय जोशी, नरेंद्र राठौर, सौरभ गंगवार, अर्जुन कुमार, राजकुमार शर्मा, अनुज सक्सेना, सुरेंद्र गिरधर, अमन सिंह, रवि कुमार, नागेंद्र सिंह, नवल किशोर, राजीव चावला, मनीष बाबा, महेंद्र मौर्य, कश्मीर सिंह रावत, दीपक शर्मा, शुभम बत्रा समेत बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।



