देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय आवास पर दिवंगत बेटी अंकिता के माता-पिता से भेंट की। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवार की बातों को गंभीरता से सुना और उनके द्वारा रखी गई सभी मांगों पर विधि-सम्मत, निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस संवेदनशील मामले में पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और अंकिता को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं पर कानून के दायरे में रहते हुए शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके। उन्होंने कहा कि न्याय प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भेंट के दौरान पीड़ित परिवार ने अपनी भावनाएँ और अपेक्षाएँ मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर संभव कदम उठाकर न्याय सुनिश्चित करेगी और पीड़ित परिवार को हर स्तर पर सहयोग प्रदान किया जाएगा।




