सेवा क्रांति वेलफेयर ट्रस्ट के सहयोग से 36वां सड़क सुरक्षा माह कार्यक्रम सम्पन्न
भीमताल:यातायात निदेशालय के निर्देशों एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के आदेशानुसार रविवार, 02 फरवरी 2026 को यातायात पुलिस भवाली/भीमताल, जनपद नैनीताल द्वारा रामलीला मैदान, भीमताल में 36वें सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत निःशुल्क स्वास्थ्य, नेत्र परीक्षण एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” रही।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक यातायात डॉ. श्री जगदीश चंद्रा, प्रभारी निरीक्षक भीमताल श्री राजेश कुमार एवं यातायात निरीक्षक श्री शिवराज सिंह ने टैक्सी व बस चालकों सहित आमजन को यातायात नियमों, हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग एवं नशे में वाहन न चलाने के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर टैक्सी यूनियन भीमताल द्वारा चालकों की विभिन्न समस्याएं रखी गईं, जिनका मौके पर ही संबंधित अधिकारियों द्वारा समाधान किया गया।
सेवा क्रांति वेलफेयर ट्रस्ट के सहयोग से आयोजित इस शिविर में हल्द्वानी सिटी ब्लड सेंटर द्वारा रक्तदान शिविर लगाया गया, जिसमें 21 यूनिट रक्तदान हुआ। वहीं आईक्यू हॉस्पिटल हल्द्वानी के सौजन्य से निःशुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 76 लोगों का नेत्र परीक्षण किया गया। शिविर में लगभग 250 चालक एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
इसी क्रम में ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल में छात्र-छात्राओं एवं गुरुजनों के लिए सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 150 छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण मौजूद रहे।
इस जनसेवा कार्य में सेवा क्रांति वेलफेयर ट्रस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ट्रस्ट के संस्थापक श्री रामवीर यादव एवं श्रीमती अलका अरोड़ा द्वारा किए जा रहे सामाजिक योगदान की उपस्थित जनसमूह एवं अधिकारियों द्वारा भूरी-भूरी प्रशंसा की गई।




