रुद्रपुर में प्रशासन सख्त: खेड़ा की खाली कराई जमीन पर नहीं होगी नमाज़, अमन कमेटी बैठक में साफ संदेश

ख़बरीलाल खोज ( मनीश बावा ) रुद्रपुर। आगामी ईद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को कोतवाली रुद्रपुर में अमन कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खेड़ा क्षेत्र में हाल ही में खाली कराई गई सरकारी जमीन पर किसी भी हाल में नमाज़ अदा नहीं करने दी जाएगी।
बैठक में मौजूद मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों से प्रशासन ने अपील की कि ईद की नमाज़ केवल अपनी-अपनी मस्जिदों में ही अदा की जाए, ताकि शहर में कानून व्यवस्था और आपसी भाईचारा बना रहे। अधिकारियों ने कहा कि शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना दी जाए।
अमन कमेटी की बैठक में विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोगों ने भी शहर की शांति और सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का भरोसा दिलाया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ईद के मौके पर शहर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।



