आकांक्षा ऑटोमोबाइल शोरूम चोरी का खुलासा,शातिर चोर माल सहित गिरफ्तार

रुद्रपुर/आईटीआई: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में आईटीआई कोतवाली पुलिस ने बाजपुर रोड स्थित आकांक्षा ऑटोमोबाइल शोरूम में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को चोरी के माल के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार 10 फरवरी 2026 को वादी तजिंदर सिंह पुत्र रंजीत सिंह निवासी वार्ड नंबर-11 बाजपुर ने थाना आईटीआई में तहरीर देकर बताया था कि 8 फरवरी की रात किसी अज्ञात चोर ने उनके बाजपुर रोड स्थित आकांक्षा ऑटोमोबाइल शोरूम में घुसकर स्पेयर पार्ट्स चोरी कर लिए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और घटना के खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम 9 मार्च की रात क्षेत्र में गश्त और संदिग्धों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर परमानंदपुर हाईवे के नीचे से इकराम उर्फ गुड्डू (51) पुत्र राज खां निवासी बिधोलिया थाना सीबीगंज, जिला बरेली को चोरी के माल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी के पास से शोरूम से चोरी किए गए मारुति सुजुकी के ऑटो पार्ट्स बरामद किए गए, जिनमें ऑयल फिल्टर के 10 पैकेट, फ्यूल फिल्टर के 6 पैकेट, एयर क्लीनर के 5 पैकेट सहित अन्य ऑटो पार्ट्स शामिल हैं। इसके अलावा आरोपी के पास से कुछ कपड़े और अन्य सामान भी बरामद हुआ है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस टीम में शामिल रहे:
उपनिरीक्षक शंकर सिंह बिष्ट, हेड कांस्टेबल सिराज हुसैन, हेड कांस्टेबल दीपक, कांस्टेबल बलवंत सिंह और कांस्टेबल धर्मेंद्र भारती।



