रुद्रपुर में गूंजा ‘हारे का सहारा’ का जयघोष, श्याम निशान यात्रा में उमड़ा जनसैलाब


ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा) रुद्रपुर। श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव के उपलक्ष्य में बुधवार शाम को लोक विहार स्थित शिव मंदिर से गल्ला मंडी स्थित श्री श्याम मंदिर तक भव्य एवं विशाल निशान यात्रा निकाली गई। यात्रा में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा और पूरा क्षेत्र “हारे का सहारा—बाबा श्याम हमारा” के जयघोष से गूंज उठा।
भक्तिमय माहौल के बीच निकली इस यात्रा में श्रद्धालु हाथों में निशान लेकर पदयात्रा करते हुए बाबा के दरबार की ओर बढ़े। जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया, जिससे पूरा मार्ग आस्था और भक्ति के रंग में रंग गया।
निशान यात्रा में विशेष रूप से पहुंचे पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी अपने हाथों में निशान लेकर पदयात्रा की और बाबा श्याम के दरबार में हाजिरी लगाई। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के अवतार बाबा खाटू श्याम की महिमा अपरंपार है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म और धार्मिक उत्सव समाज में प्रेम, एकता और भाईचारे का संदेश देते हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं के सुख-समृद्धि की कामना करते हुए आयोजकों के प्रयासों की सराहना की।
यात्रा में अनुराग शर्मा, यश पाठक, वैभव शर्मा, अरुण गुप्ता, पंकज गुप्ता, अध्यांश गौड़, चिराग, नैतिक, अनिल गुप्ता, रमेश जायसवाल, सागर, विनोद भाटिया, भरत, सुरभि, सलोनी, पूनम, राधिका, सरिता, सुमन, मीना, नेहा, प्रीति, ऋचा, विनीता, काजल आहूजा, रूचि, अमन, साहिल, सन्नी, अजय, संदीप, भावना, बबीता, सृष्टि सहित सैकड़ों महिला एवं पुरुष श्रद्धालु मौजूद रहे।
पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाएं भी सुचारु रहीं। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से बाबा श्याम के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-शांति की कामना की।



