10 दिन बाद भी नहीं मिला सुराग, लापता किशोरी को लेकर परिजनों में दहशत
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई किशोरी का दस दिन बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। मामले को लेकर आक्रोश बढ़ता जा रहा है। किशोरी की बरामदगी की मांग को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल परिजनों के साथ ट्रांजिट कैंप कोतवाली पहुंचे और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
पूर्व विधायक ने बताया कि 12 मार्च को आरती नाम की किशोरी अचानक घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मजबूर होकर पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई, लेकिन अब तक पुलिस खाली हाथ है।
ठुकराल ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि एक अधेड़ व्यक्ति किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। उन्होंने आशंका जताई कि देरी होने पर किशोरी के साथ कोई अनहोनी हो सकती है, जिससे परिवार गहरे भय और चिंता में है।
उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत टीमें गठित कर सक्रिय कार्रवाई की जाए और आरोपी के खिलाफ सख्त कदम उठाकर किशोरी को सकुशल बरामद किया जाए।
वहीं, कोतवाल ने आश्वासन दिया कि पुलिस लगातार छानबीन कर रही है और सर्विलांस के जरिए सुराग जुटाने का प्रयास जारी है।
इस दौरान उषा देवी, मुनेन्द्र, धर्मेन्द्र, राकेश कुमार, ललित कुमार, आदेश गंगवार, राजेश सक्सेना, संजीव गुप्ता, विक्की, बंटी, राहुल, अजय, सोनू सैनी, संजय, अमित सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।




