होली पर सख्त रहेगा पुलिस का पहरा, हुड़दंगियों पर होगी कड़ी कार्यवायी: एसएसपी अजय गणपति
रुद्रपुर। जनपद ऊधमसिंहनगर में होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों व एलआईयू के साथ समीक्षा बैठक कर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि पर्व की आड़ में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ी सतर्कता
जनपद ऊधमसिंहनगर के चिन्हित संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। लगातार गश्त और फ्लैग मार्च के निर्देश दिए गए हैं। खुफिया तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है।
कच्ची शराब के खिलाफ सात दिवसीय अभियान
अवैध कच्ची शराब के निर्माण, परिवहन व बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए सात दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा। संबंधित थाना क्षेत्रों में दबिश देकर आरोपितों पर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी।
डीजे पर रात 10 बजे के बाद प्रतिबंध
होली के दौरान रात्रि 10 बजे के बाद डीजे संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। भड़काऊ या अशोभनीय गीतों के प्रसारण पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी। उल्लंघन की स्थिति में उपकरण जब्त कर कार्रवाई की जाएगी।
एल्कोमीटर से जांच, यातायात व्यवस्था दुरुस्त
शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध एल्कोमीटर से सघन जांच की जाएगी। प्रमुख चौराहों व बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए गए हैं।
महिला सुरक्षा पर विशेष फोकस
महिलाओं के साथ अभद्रता, जबरन रंग लगाने या छेड़छाड़ की घटनाओं पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। महिला हेल्पलाइन व पुलिस टीमों को विशेष रूप से अलर्ट रहने को कहा गया है।
सोशल मीडिया पर भी नजर
अफवाह या भ्रामक पोस्ट फैलाने वालों पर आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई होगी। प्रत्येक थाना क्षेत्र में वीडियोग्राफी टीम तैनात की जाएगी।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि होली पर्व को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनपद पुलिस 24×7 अलर्ट मोड में रहेगी।




