रुद्रपुर में शर्मनाक वारदात, चलती कार में दरिंदगी, एक गिरफ्तार

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर के जिला मुख्यालय रुद्रपुर में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। लिफ्ट देने के बहाने कार सवार युवकों ने एक किशोरी के साथ सिडकुल क्षेत्र में दुष्कर्म किया और उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
पीड़िता ने ट्रांजिट कैंप थाने में तहरीर देकर बताया कि 25 जनवरी की सुबह वह अपने आवास विकास, ट्रांजिट कैंप स्थित घर से सिडकुल स्थित अपनी कंपनी जा रही थी। शिव मंदिर के पास काफी देर तक टैंपो का इंतजार करने के बाद जब कोई साधन नहीं मिला तो वह पैदल रविदास मंदिर से अटरिया रोड की ओर बढ़ी।
इसी दौरान होण्डई औरा कार संख्या यूके 06 टीए 8429 में सवार दो युवकों ने उसे सिडकुल छोड़ने का आश्वासन देकर कार में बैठा लिया। सिडकुल पहुंचने के बाद आरोपी युवकों ने उसे इधर-उधर घुमाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर एक युवक सामान निकालने का बहाना बनाकर चलती गाड़ी की पिछली सीट पर आ गया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा।
पीड़िता के विरोध के बावजूद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद दोनों युवक उसे सिडकुल में छोड़कर फरार हो गए।
सोमवार को ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज आरोपी राहुल दास पुत्र पवित्र दास, निवासी आदर्श कॉलोनी रुद्रपुर, मूल निवासी ग्राम गबिया सराई, चौकी रामनगर, थाना माधोटांडा, जिला पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) को कंचन तारा होटल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त होण्डई औरा कार भी बरामद कर ली है। जिला फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।
फिलहाल पुलिस फरार दूसरे आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी तथा जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



