रूद्रपुर में 14 से 23 फरवरी तक सजेगा उधमसिंह कार्निवाल ‘सरस आजीविका मेला-2026’, CM धामी करेंगे शुभारंभ

रूद्रपुर। जनपद में 14 से 23 फरवरी तक गांधी पार्क में उधमसिंह कार्निवाल ‘सरस आजीविका मेला-2026’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। मेले का शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाएगा।
मेले की तैयारियों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने विधायक शिव अरोरा व अन्य अधिकारियों के साथ गांधी पार्क का स्थलीय निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं, ताकि उद्घाटन समारोह भव्य और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि शनिवार को अपराह्न 4 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मेले का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर जनपद प्रभारी एवं ग्राम विकास, कृषि एवं कृषक कल्याण, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, सांसद अजय भट्ट, महापौर विकास शर्मा तथा विधायक शिव अरोरा की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस मुख्यमंत्री द्वारा सरस मेले के स्टॉलों का अवलोकन भी किया जाएगा। सायं 5:30 बजे सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ हिमनांद बैंड की प्रस्तुति और अमरनाथ सेवा मंडल द्वारा शिव जागरण की भक्तिमय प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, अधिशासी अभियंता लोनिवि गजेन्द्र सिंह, विद्युत विभाग के उमाकांत चतुर्वेदी, लघु सिंचाई विभाग के सुशील कुमार, खंड विकास अधिकारी असित आनंद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।



