नशे ने लांघी मर्यादा, मंदिर के सामने पीते पकड़े गए युवक,सचिव अरविंद शर्मा की सख़्त चेतावनी…..

रुद्रपुर:आस्था और श्रद्धा के प्रमुख केंद्र अटरिया मंदिर के सामने कुछ युवकों द्वारा खुलेआम शराब पीने का मामला सामने आया है। मंदिर परिसर के ठीक सामने नशे में चूर युवाओं की इस हरकत से श्रद्धालुओं में भारी रोष देखा गया।
मंदिर के बाहर मैदान में बैठकर शराब पी जा रही थी, जिससे न केवल धार्मिक भावनाएं आहत हुईं बल्कि मंदिर की मर्यादा पर भी सवाल खड़े हो गए। जब इस घटना की जानकारी मंदिर समिति को मिली तो मंदिर के सचिव अरविंद शर्मा मौके पर पहुंचे और युवकों को कड़ी फटकार लगाई।
मंदिर सचिव अरविंद शर्मा ने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि आस्था के स्थल के आसपास इस तरह की गतिविधियां किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की।
इस घटना के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मंदिर क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।



