खटीमा में विंटर कार्निवाल का शुभारंभ, बोले मुख्यमंत्री धामी—युवा ही प्रदेश और देश का भविष्य

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा) खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेमवंती नंदन बहुगुणा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खटीमा में छात्र संघ द्वारा आयोजित विंटर कार्निवाल में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग कर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्र संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को संस्कृति और परंपरा से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छात्र संघ द्वारा पहली बार विंटर कार्निवाल के अंतर्गत भजन क्लंबिंग जैसे आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन की शुरुआत सराहनीय पहल है। यह कार्यक्रम यह दर्शाता है कि आज का युवा आधुनिकता के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों से भी जुड़ा हुआ है। संगीत, भक्ति और संस्कृति के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देना इस आयोजन की बड़ी उपलब्धि है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जिन छात्र-छात्राओं ने इस कार्यक्रम का सफल संचालन किया है, वही भविष्य में राज्य और देश का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा कि खटीमा उनके लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि उनकी कर्मभूमि और पहचान है। इसी धरती से उन्होंने जनसेवा की शुरुआत की थी।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा खटीमा क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। गदरपुर–खटीमा बाईपास, नौसर पुल, सड़कों का विस्तार, केंद्रीय विद्यालय, चकरपुर में राष्ट्रीय स्तर का खेल स्टेडियम, आईटीआई, पॉलीटेक्निक कॉलेज, 100 बेड अस्पताल, सिडकुल की स्थापना सहित अनेक विकास कार्य कराए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में रोजगार सृजन के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। प्रतिव्यक्ति आय में 17 गुना वृद्धि, बिजली उत्पादन में चार गुना इजाफा और बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी आई है। पलायन निवारण आयोग की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन हुआ है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति, अस्मिता और कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सरकार ने अवैध कब्जों, भ्रष्टाचार, नकल माफिया और पाखंड के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। समान नागरिक संहिता लागू कर सामाजिक समरसता की मजबूत नींव रखी गई है।
कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य राम सिंह जेठी की पत्नी, ढील्लू सिंह राणा एवं जशोधर भट्ट के निधन पर उनके आवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर दीपक बाली, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



