बहुउद्देशीय शिविर, 1805 लोगों को मिला सरकारी योजनाओं का लाभ
जसपुर: “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत शनिवार को जनपद ऊधमसिंह नगर के विकासखण्ड जसपुर अंतर्गत न्याय पंचायत अहमदनगर स्थित आदर्श जनता इंटर कॉलेज, तालाबपुर में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी जसपुर अभय प्रताप सिंह ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री अनिल कपूर डब्बू एवं विशिष्ट अतिथि विधायक आदेश चौहान मौजूद रहे।
शिविर में विभिन्न विभागों के जनपद, तहसील एवं विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कुल 1805 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 117 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 35 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रार्थना पत्रों के त्वरित निस्तारण के लिए मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
शिविर में स्वास्थ्य सेवाओं को विशेष प्राथमिकता दी गई। 562 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, 45 एक्स-रे, जबकि होम्योपैथिक विभाग द्वारा 112 लोगों की जांच कर दवा वितरण किया गया। सहकारिता विभाग द्वारा 28 आधार कार्ड अपग्रेड/नए, 12 परिवार रजिस्टर नकल व जन्म प्रमाण पत्र तथा 4 दिव्यांग बस पास बनाए गए। कृषि विभाग ने 7 किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ दिया।
बाल विकास विभाग द्वारा 10 मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गईं और 10 लाभार्थियों को बाल पोषण योजना से जोड़ा गया। समाज कल्याण विभाग ने 4 पेंशन आवेदन, 4 दिव्यांग बस पास जारी किए तथा 7 लाभार्थियों को जीविका अवसर प्रोत्साहन योजना से लाभान्वित किया। विद्युत विभाग ने 6 प्रकरणों का निस्तारण किया, जबकि पूर्ति विभाग द्वारा 5 राशन कार्ड बनाए गए और 27 लाभार्थियों की ई-केवाईसी कराई गई।
श्रम विभाग द्वारा 150 सामग्री वितरण, 9 ई-श्रम कार्ड, तथा 8 निर्माण श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सेवायोजन विभाग को 2 रोजगार पंजीकरण आवेदन प्राप्त हुए। उद्यान विभाग ने ड्रैगन फ्रूट, सब्जी, मसाला, पुष्प, मशरूम एवं मौनपालन योजनाओं से कई लाभार्थियों को जोड़ा। डेयरी विभाग द्वारा 65 दुग्ध मूल्य प्रोत्साहन योजना तथा 45 साइलेंज व दुधारू पशु योजना का लाभ दिया गया।
शिविर के माध्यम से राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं—मृदा स्वास्थ्य कार्ड, बैकयार्ड पोल्ट्री, मुख्यमंत्री बाल व महिला पोषण योजना, स्वरोजगार योजना, राष्ट्रीय पशुधन मिशन, अल्पसंख्यक प्रोत्साहन योजनाओं सहित—से कुल 1513 व्यक्तियों को लाभान्वित किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की प्राथमिकता है और इस प्रकार के शिविरों से आमजन को योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है।




