किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों पर पुलिस की पैनी नजर, जिलेभर में ताबड़तोड़ सत्यापन अभियान

रुद्रपुर : एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में तथा पुलिस मुख्यालय देहरादून के आदेशों के क्रम में जनपद में वृहद सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना तथा बिना सत्यापन रह रहे किरायेदारों व बाहरी व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करना था।
अभियान के तहत ऊधमसिंहनगर पुलिस की टीमों ने सभी थाना एवं कोतवाली क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने किरायेदारों, बाहरी श्रमिकों एवं संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस एक्ट की धाराओं के अंतर्गत चालानी कार्रवाई भी की।
थानावार कार्रवाई
कोतवाली जसपुर में 26 सत्यापन के साथ 05 चालान किए गए, जबकि कोतवाली कुण्डा क्षेत्र में 09 सत्यापन के दौरान 06 चालान व 03 कोर्ट चालान किए गए। कोतवाली आईटीआई में 12 सत्यापन के साथ 06 चालान हुए।
कोतवाली पंतनगर में सर्वाधिक सक्रियता देखने को मिली, जहां 89 सत्यापन और 15 चालान किए गए। कोतवाली किच्छा क्षेत्र में 110 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया, जो इस अभियान का सबसे बड़ा आंकड़ा रहा।
इसके अतिरिक्त ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर, खटीमा, सितारगंज, नानकमत्ता, दिनेशपुर, झनकईया, पुलभट्टा, बाजपुर एवं गदरपुर क्षेत्रों में भी व्यापक सत्यापन अभियान चलाकर कई व्यक्तियों का सत्यापन किया गया तथा नियम उल्लंघन पर चालान किए गए।
पुलिस का सख्त संदेश
जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना सत्यापन के किरायेदार या बाहरी व्यक्ति रखने वालों के विरुद्ध पुलिस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन से अपील की गई है कि वे अपने घर, दुकान या प्रतिष्ठान में रहने वाले किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से संबंधित थाने में सत्यापन कराएं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि जनपद में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा जा सके।



