नेपाल सीमा तक पहुंचे एसएसपी अजय गणपति, झनकईया थाने का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था पर कसा शिकंजा

ख़बरीलाल खोज ( मनीश बावा) रुद्रपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने शनिवार को थाना झनकईया का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भारत-नेपाल सीमा से सटे संवेदनशील क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर जनसंवाद भी किया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी अजय गणपति ने थाना परिसर, थाना कार्यालय, मैस और कर्मचारी बैरकों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने थाना कार्यालय में रखे महत्वपूर्ण रजिस्टरों और अभिलेखों का अवलोकन करते हुए उन्हें सुव्यवस्थित रखने तथा समय-समय पर अद्यतन करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस कर्मियों को अनुशासन, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश भी दिए।
एसएसपी ने थाने में नियुक्त सभी विवेचकों का ओआर लेकर लंबित मुकदमों की समीक्षा की। उन्होंने विवेचकों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण और विधिक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही विवेचना के दौरान साक्ष्यों के सही संकलन और निष्पक्ष कार्रवाई पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के बाद एसएसपी अजय गणपति ने भारत-नेपाल सीमा से सटे ग्राम सिसैया तथा मेलाघाट के नावघाट क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के पूर्व व वर्तमान ग्राम प्रधानों, व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों तथा करीब 40 से 50 स्थानीय ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर संवाद किया और उनकी समस्याएं व सुझाव सुने। ग्रामीणों द्वारा सीमा क्षेत्र से संबंधित विभिन्न मुद्दों से अवगत कराने पर एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान एसएसपी ने सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के अधिकारियों और जवानों के साथ बैठक कर सीमा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था, गश्त और आपसी समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने तथा पुलिस और एसएसबी के बीच बेहतर तालमेल बनाकर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके साथ ही आमजन के साथ निरंतर संवाद बनाए रखना भी जरूरी है, जिससे क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रखा जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।



