एसएसपी अजय गणपति का सख्त एक्शन: 395 का सत्यापन, 91 चालान ठोके—लापरवाह मकान मालिकों में हड़कंप

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा) रुद्रपुर : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश में जनपदभर में किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों और संदिग्धों के सत्यापन को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 395 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले मकान मालिकों व संदिग्धों के विरुद्ध 91 चालान काटे गए।
पुलिस के अनुसार कोतवाली जसपुर में 40 व्यक्तियों का सत्यापन कर धारा-81 के तहत 20 चालान किए गए। कुण्डा में 27 का सत्यापन कर धारा-83 में एक चालानी रिपोर्ट भेजी गई। गदरपुर में 28 सत्यापन के साथ चार चालान किए गए। ट्रांजिट कैम्प में 16 सत्यापन के दौरान धारा-183 के तहत 10 चालान काटे गए। सितारगंज में 45 व्यक्तियों का सत्यापन कर 15 चालान किए गए। खटीमा में सर्वाधिक 147 व्यक्तियों का सत्यापन किया गया, जहां धारा-81 व 83 के तहत 16 चालान किए गए।
इसके अलावा किच्छा में 20 सत्यापन के साथ आठ चालान, रुद्रपुर में 10 सत्यापन के साथ दो चालान, पंतनगर में 13 सत्यापन के साथ दो चालान की कार्रवाई की गई। अन्य थानों में भी सत्यापन अभियान चलाया गया।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने किरायेदारों व बाहरी कामगारों का अनिवार्य रूप से सत्यापन कराएं। सत्यापन न कराने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



