होली पर मिलावटखोरों पर सख्ती: काशीपुर–पंतनगर में छापेमारी, 5 नमूने जांच को भेजे

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा) रुद्रपुर: होली पर्व को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाने के लिए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जनपद में सघन अभियान चलाया। सचिव स्वास्थ्य एवं खाद्य सुरक्षा आयुक्त, उत्तराखण्ड सचिन कुर्वे के निर्देशों के क्रम में दिनांक 23 फरवरी 2026 को सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, ऊधम सिंह नगर के नेतृत्व में काशीपुर और पंतनगर क्षेत्र में औचक निरीक्षण व छापेमारी की गई।
अभियान के तहत काशीपुर और पन्तनगर में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने विभिन्न मिष्ठान भंडारों व प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने कुल 5 खाद्य नमूने लिए, जिनमें मावा, भुजिया नमकीन, प्रोटीन पाउडर और अरहर दाल शामिल हैं। सभी नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि नमूने मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई बनाए रखने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप निर्माण, भंडारण और विक्रय करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण या लाइसेंस के खाद्य कारोबार करने पर तथा FSSAI Act 2006 के मानकों का उल्लंघन करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि खाद्य एवं पेय पदार्थ खरीदते समय निर्माण तिथि, उपभोग की अंतिम तिथि और लाइसेंस नंबर अवश्य जांच लें। निम्न गुणवत्ता या मिलावटी खाद्य पदार्थों की शिकायत टोल फ्री नंबर 18001804246 पर की जा सकती है।
होली पर्व को सुरक्षित और मिलावट मुक्त बनाने के लिए विभाग का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।



