अपराधियों पर सख्त प्रहार, जनता को भरोसे का उपहार — एसएसपी अजय गणपति का बड़ा ऐलान

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा) रुद्रपुर : पुलिस कार्यालय रुद्रपुर में समन्वय गोष्ठी के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने पत्रकार वार्ता में जनपद पुलिस की प्राथमिकताओं को विस्तार से साझा किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “अपराध मुक्त समाज और पारदर्शी पुलिसिंग हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
मीडिया को पुलिस और जनता के बीच की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए एसएसपी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध नियंत्रण नहीं, बल्कि आमजन के भीतर सुरक्षा और विश्वास का वातावरण तैयार करना भी है।
🔹 जनसुनवाई एवं पीड़ित केंद्रित पुलिसिंग
एसएसपी ने निर्देश दिए कि थानों में आने वाले प्रत्येक फरियादी की बात संवेदनशीलता से सुनी जाए और प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस-जनता के बीच दूरी कम करना प्रमुख लक्ष्य होगा।
🔹 त्वरित रिस्पॉन्स और प्रभावी कार्यवाही
जनपद पुलिस को किसी भी सूचना पर तत्काल प्रतिक्रिया देने और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
🔹 महिला एवं बाल सुरक्षा पर ‘जीरो टॉलरेंस’
महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर सख्त रुख अपनाते हुए तत्काल FIR दर्ज कर त्वरित विवेचना के आदेश दिए गए हैं।
🔹 नशे के विरुद्ध ‘सर्जिकल स्ट्राइक’
नशा तस्करी के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाएगा। केवल छोटे विक्रेताओं पर ही नहीं, बल्कि मुख्य सप्लायर (किंगपिन) के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की रणनीति अपनाई जाएगी।
🔹 साइबर क्राइम पर सख्ती
बढ़ते डिजिटल फ्रॉड को रोकने के लिए साइबर सेल को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित किया जाएगा, ताकि पीड़ितों की मेहनत की कमाई समय रहते सुरक्षित की जा सके।
🔹 सुगम यातायात व्यवस्था
जनपद को जाम की समस्या से राहत दिलाने हेतु वैज्ञानिक एवं सुव्यवस्थित यातायात प्रबंधन लागू किया जाएगा।
🔹 सघन सत्यापन अभियान
असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए व्यापक स्तर पर सत्यापन अभियान चलाया जाएगा।
🔹 मीडिया एवं कम्युनिटी पुलिसिंग
सूचनाओं के बेहतर आदान-प्रदान के लिए मीडिया सेल को सक्रिय किया जाएगा और अपराध नियंत्रण में आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
एसएसपी ने अंत में कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।



