Breaking News

खेतों में चल रही थीं कच्ची शराब की भट्टियां, पुलिस ने छापा मारकर किया ध्वस्त

खेतों में चल रही थीं कच्ची शराब की भट्टियां, पुलिस ने छापा मारकर किया ध्वस्त

 

94 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद, 13,500 लीटर लहन नष्ट; तीन भट्टियां ध्वस्त

 

रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर में अवैध कच्ची शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत ट्रांजिट कैंप, काशीपुर, खटीमा, गदरपुर और केलाखेड़ा थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, शराब बनाने के ठिकानों पर दबिश देकर करीब 13,500 लीटर लहन नष्ट किया गया और तीन अवैध भट्टियां ध्वस्त की गईं।

 

पुलिस की कार्रवाई में अवैध कच्ची शराब की बरामदगी और निर्माण स्थलों को नष्ट करने पर विशेष जोर रहा। विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के दौरान शराब बनाने के उपकरण भी बरामद किए गए। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है।

ट्रांजिट कैंप में 24 लीटर शराब के साथ एक गिरफ्तार

ट्रांजिट कैंप पुलिस ने पीलीकोठी क्षेत्र में चेकिंग के दौरान राजा निवासी पक्का खेड़ा, वार्ड नंबर 19, रुद्रपुर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 73 पाउच में करीब 24 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

काशीपुर में 3,500 लीटर लहन नष्ट

काशीपुर के ग्राम रम्पुरा क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण की सूचना पर पुलिस ने दबिश दी। यहां करीब 3,500 लीटर लहन नष्ट किया गया और 60 लीटर कच्ची शराब के साथ शराब बनाने के उपकरण बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, इस दौरान रजत सिंह उर्फ बूटा सिंह और राज सिंह निवासी ग्राम रम्पुरा मौके से फरार हो गए। दोनों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

खटीमा और गदरपुर में भी कार्रवाई

खटीमा क्षेत्र में सत्रहमील-मझौला पुलिस ने शमशान घाट रोड पर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान तीरथ राज सिंह को 40 पाउच अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया।

गदरपुर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई में वीर सिंह निवासी कोपा कृपाली, गूलरभोज को 20 लीटर और लवजीत सिंह निवासी सिकरौरा, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी पंजाबी ढाबा, महतोष को 10 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। दोनों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए।

केलाखेड़ा में तीन भट्टियां ध्वस्त

केलाखेड़ा पुलिस ने चेकिंग के दौरान निर्मल सिंह निवासी सुंदरनगर, नानकमत्ता, हाल निवासी ग्राम सरकड़ी को 10 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। इसके अलावा बेरिया दौलत क्षेत्र के ग्राम तोता बेरिया में खेतों के बीच चल रहे अवैध शराब निर्माण के ठिकाने पर दबिश दी गई। पुलिस ने मौके पर तीन भट्टियां ध्वस्त कर करीब 10,000 लीटर लहन नष्ट किया। शराब बनाने के उपकरण भी बरामद किए गए। इस मामले में संलिप्त अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.