घायल दंपति के लिए देवदूत बनी रुद्रपुर पुलिस, घायल गाय के इलाज की भी कराई व्यवस्था
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस की मानवीय पहल, सड़क हादसे के बाद तत्काल अस्पताल पहुंचाए गए पति-पत्नी
रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। बगवाड़ा मंडी के पास सड़क दुर्घटना में घायल हुए दंपति को पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया। इतना ही नहीं, हादसे में घायल गाय के उपचार की व्यवस्था भी कराई गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 की रात वीरेंद्र सिंह पुत्र गोपाल सिंह, निवासी वार्ड नंबर-01, जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल संख्या UK06 BG 1796 से महाराजपुर से रुद्रपुर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान बगवाड़ा मंडी के पास अचानक सड़क पर गाय आ जाने से मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गाय से टकरा गई। हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर वैभव सैनी, कोतवाली प्रभारी संजय पाठक और बगवाड़ा चौकी प्रभारी निर्मल लटवाल पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए घायलों को अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।हादसे के बाद पुलिस ने केवल घायलों की मदद तक ही अपनी जिम्मेदारी सीमित नहीं रखी, बल्कि घायल गाय के उपचार की व्यवस्था भी कराई। पुलिस की इस पहल ने खाकी के मानवीय चेहरे को सामने लाने के साथ ही जीवों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को कर्तव्यनिष्ठा, सेवा और मानवीय मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता के उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है। संकट की घड़ी में समय पर सहायता उपलब्ध कराकर पुलिस टीम ने सराहनीय कार्य किया।
यह रही पुलिस टीम
क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर वैभव सैनी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रपुर संजय पाठक, चौकी प्रभारी बगवाड़ा निर्मल लटवाल तथा अन्य पुलिसकर्मी।



