Breaking News

चंपावत गैंगरेप पर कांग्रेस का फूटा गुस्सा, रुद्रपुर में भाजपा सरकार का पुतला फूंका; बोले— महिलाएं नहीं सुरक्षित

Share

चंपावत गैंगरेप पर कांग्रेस का फूटा गुस्सा, रुद्रपुर में भाजपा सरकार का पुतला फूंका; बोले— महिलाएं नहीं सुरक्षित

रुद्रपुर – चंपावत में नाबालिग के साथ हुई गैंगरेप की घटना को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी के नेतृत्व में शिवनगर स्थित चामुंडा मंदिर के समीप कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया और सरकार विरोधी नारे लगाए।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी ने भाजपा सरकार पर महिला सुरक्षा के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला सम्मान और सुरक्षा के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन धरातल पर महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड और चंपावत गैंगरेप घटना का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों मामलों में भाजपा से जुड़े लोगों के नाम सामने आए, लेकिन सरकार की ओर से सख्त कार्रवाई नहीं की गई।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि भाजपा सरकार सत्ता के अहंकार में डूबी हुई है और जनता अब सब देख रही है। उन्होंने कहा कि चंपावत की घटना ने पूरे प्रदेश को शर्मसार किया है और आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतंत्र और महिला सुरक्षा की बात करने वाली सरकार आज उन्हीं मूल्यों की हत्या कर रही है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष हिमांशु गाबा ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने महिला आरक्षण को लेकर भी सरकार को घेरा और कहा कि यदि भाजपा वास्तव में महिलाओं की हितैषी है तो वर्तमान सीटों के आधार पर आरक्षण लागू करे। उन्होंने दावा किया कि महिलाओं ने अब भाजपा के खिलाफ बिगुल फूंक दिया है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर परिमल राय, योगेश चौहान, संजीव गुप्ता, विकास बंसल, संजय ठुकराल, सतीश कुमार, सुशील मंडल, शुभम दास, प्रीति साना, उमा सरकार, मोहन भारद्वाज, अशोक रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Share
error: Content is protected !!