Breaking News

महापौर ने नीलकंठ धाम में चल रहे निर्माण कार्यों का लिया जायजा,श्रद्धालुओं के लिए हाईटेक धर्मशाला, यज्ञशाला और वाटिका का भी होगा निर्माण

महापौर ने नीलकंठ धाम में चल रहे निर्माण कार्यों का लिया जायजा,श्रद्धालुओं के लिए हाईटेक धर्मशाला, यज्ञशाला और वाटिका का भी होगा निर्माण

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा)रुद्रपुर। गंगापुर रोड पर प्रस्तावित शिव कॉरिडोर को भव्य आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। मंगलवार को महापौर विकास शर्मा ने कॉरिडोर के अंतर्गत निर्माणाधीन नीलकंठ धाम का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित लोगों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, निर्धारित स्वरूप और जनभावनाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि शिव कॉरिडोर केवल धार्मिक आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि रुद्रपुर की सांस्कृतिक पहचान और पर्यटन को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण प्रकल्प बनेगा।

निरीक्षण के दौरान महापौर विकास शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 14 फरवरी को रुद्रपुर आगमन के दौरान शिव कॉरिडोर की घोषणा कराई गई थी। इसी के तहत यहां नीलकंठ धाम सहित तीन प्रमुख मंदिरों को आपस में जोड़कर एक भव्य कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है। इसमें नीलकंठ धाम मंदिर, गोल्ज्यू देवता मंदिर और पीछे स्थित शिव मंदिर को शामिल किया गया है। प्रस्तावित योजना के अनुसार नीलकंठ धाम का निर्माण भव्य स्वरूप में किया जा रहा है। मंदिर के नीचे विशाल बेसमेंट हॉल बनाया जाएगा, जिसका उपयोग भजन-कीर्तन, धार्मिक आयोजनों और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए किया जा सकेगा।

महापौर ने बताया कि मंदिर में भगवान महादेव और माता पार्वती के साथ मां दुर्गा, मां काली, श्री बालाजी महाराज, भैरव बाबा, प्रेतराज जी, महंत जी महाराज, भगवान श्रीराम-सीता और राधा-कृष्ण सहित विभिन्न देवी-देवताओं की स्थापना की योजना है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप परिसर में भगवान शिव की 51 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण होगी।

प्रस्तावित शिव कॉरिडोर में धार्मिक गतिविधियों के साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। महापौर ने बताया कि परिसर में हाईटेक धर्मशाला का निर्माण कराया जाएगा, जिसमें ठहरने के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त कमरे उपलब्ध होंगे। इसका लाभ आदि कैलाश, केदारनाथ, जगन्नाथ, मां पूर्णागिरि, जागेश्वर धाम और मां हाट कालिका सहित उत्तराखंड के विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को भी मिलेगा। यहां यात्री विश्राम कर सकेंगे और अपनी आगे की यात्रा जारी रखने से पहले मंदिर में दर्शन कर सकेंगे।

कॉरिडोर परिसर में यज्ञशाला का निर्माण भी प्रस्तावित है, जहां श्रद्धालु विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, हवन और यज्ञ कर सकेंगे। इसके अलावा एक सुंदर वाटिका विकसित की जाएगी। परिसर में लोगों के टहलने और बैठने के लिए आकर्षक फुटपाथ बनाए जा रहे हैं। शुरुआती स्तर पर पार्किंग की व्यवस्था भी की जा रही है। महापौर ने बताया कि यहां ऐसा शांत वातावरण विकसित करने की योजना है, जहां लोग ध्यान, साधना और आध्यात्मिक गतिविधियों के माध्यम से मानसिक शांति प्राप्त कर सकें। इसके लिए विशेष रूप से मेडिटेशन हाउस की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। उन्होंने बताया कि परिसर को हरियाली से आच्छादित करने के लिए पौधरोपण किया जा रहा है। उनका प्रयास है कि यह स्थान केवल पूजा-पाठ तक सीमित न रहे, बल्कि युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और परिवार के लोग यहां आकर समय बिता सकें। यहां पहले से आयोजित होने वाले बालाजी दरबार सहित धार्मिक गतिविधियों को पुनर्निर्माण पूरा होने के बाद फिर से शुरू किया जाएगा।

महापौर ने बताया कि शहर में भव्य त्रिशूल स्थापित किया जा चुका है, जबकि डमरू लगाने की तैयारी चल रही है। इसके साथ ही एक भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण भी प्रस्तावित है, जो इस शहर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और विशिष्ट बनाएगा। महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और सहयोग से शिव कॉरिडोर को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। यह प्रकल्प आने वाले समय में कुमाऊं क्षेत्र की एक विशिष्ट पहचान बनेगा और रुद्रपुर को सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक नगरी के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

निरीक्षण के दौरान भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौहान, वरिष्ठ नेता भारत भूषण चुघ, पार्षद पवन राणा, चिराग कालरा, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला उपाध्यक्ष अमन सिंह विर्क, सुशील अग्रवाल, चंदन अग्रवाल, कुलबीर सिंह,गौरव जुयाल, मनीष छाबड़ा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.