किसान सुखवंत सिंह आत्महत्या मामला: IG STF की अध्यक्षता में 5 सदस्यीय SIT गठित, 12 पुलिसकर्मी गढ़वाल रेंज स्थानांतरित

ऊधमसिंहनगर : जनपद के ग्राम पैगा, थाना आईटीआई निवासी किसान स्व:सुखवंत सिंह द्वारा 10/11 जनवरी 2026 की रात्रि काठगोदाम, हल्द्वानी में की गई आत्महत्या के मामले में पुलिस मुख्यालय ने गंभीर रुख अपनाते हुए विशेष अन्वेषण दल (SIT) का गठन किया है।
पुलिस महानिरीक्षक STF श्री नीलेश आनन्द भरणे की अध्यक्षता में गठित इस 5 सदस्यीय SIT में पुलिस अधीक्षक चम्पावत श्री अजय गणपति, क्षेत्राधिकारी टनकपुर सुश्री वन्दना वर्मा, निरीक्षक दिवान सिंह बिष्ट तथा उपनिरीक्षक मनीष खत्री को शामिल किया गया है। SIT को प्रकरण से जुड़े सभी अभियोगों की गहन, निष्पक्ष एवं पारदर्शी विवेचना का दायित्व सौंपा गया है।
विवेचना की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रकरण से जुड़े 03 उपनिरीक्षक, 01 सहायक उपनिरीक्षक, 01 मुख्य आरक्षी एवं 07 आरक्षियों सहित कुल 12 पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से गढ़वाल रेंज के जनपद चमोली एवं रुद्रप्रयाग स्थानांतरित कर दिया गया है।
पुलिस मुख्यालय ने यह भी निर्देश दिए हैं कि इस मामले से संबंधित सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो तथा मृतक द्वारा ई-मेल के माध्यम से की गई शिकायत, जिसमें स्थानीय व्यक्तियों और ऊधमसिंहनगर पुलिस के अधिकारियों/कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं, उनके तथ्यों की विस्तृत जांच की जाए और नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस मुख्यालय का कहना है कि प्रकरण की जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही या पक्षपात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।



