हरिद्वार में रिश्वतखोरी का भंडाफोड़: जिला पूर्ति अधिकारी श्याम आर्य और सहायक गौरव शर्मा 50 हजार की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

हरिद्वार: उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता विभाग की मुहिम लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में देहरादून से आई सतर्कता टीम ने हरिद्वार जिले के जिला पूर्ति अधिकारी श्याम आर्य और उनके सहायक गौरव शर्मा को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मौके पर ही गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, हरिद्वार जिला पूर्ति कार्यालय में लंबे समय से राशन कार्ड जारी करने, लाइसेंस देने और अन्य विभागीय कार्यों के बदले अवैध उगाही की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। प्रारंभिक जांच के बाद सतर्कता विभाग ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर यह कार्रवाई की।
गिरफ्तारी के बाद सतर्कता टीम ने जिला पूर्ति कार्यालय में ही डेरा डाल दिया है, जहां दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि इस मामले में और भी खुलासे संभव हैं।
इस कार्रवाई से पूर्ति विभाग समेत पूरे प्रशासनिक तंत्र में हड़कंप मचा हुआ है। सतर्कता विभाग ने दो टूक कहा है कि भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति के तहत आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाइयां जारी रहेंगी।



