समाजसेवी सुशील गाबा के नेतृत्व में फूटा जनाक्रोश, गैस एजेंसी की लापरवाही के खिलाफ सड़कों पर उतरे सैकड़ों उपभोक्ता, हंगामे से मचा हड़कंप

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा) रुद्रपुर: काशीपुर बाईपास रोड स्थित इंडेन गैस एजेंसी की बदहाल व्यवस्था के खिलाफ आज सैकड़ों उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी में भारी लापरवाही, फर्जी डिलीवरी और बुकिंग न होने जैसी समस्याओं से परेशान लोगों ने एजेंसी पर जोरदार प्रदर्शन किया।
युवा समाजसेवी सुशील गाबा के नेतृत्व में उपभोक्ताओं ने एजेंसी प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। गाबा ने आरोप लगाया कि आम जनता को गैस के लिए भटकना पड़ रहा है, जबकि नेताओं और अधिकारियों को आसानी से सिलेंडर मिल जाते हैं। उन्होंने होम डिलीवरी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसकी निष्पक्ष निगरानी की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, हैप्पी रंधावा और गौरव गांधी भी मौके पर पहुंचे और उपभोक्ताओं का समर्थन किया। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब व्यापार मंडल संरक्षक नरेश ग्रोवर के मामले में एक डिलीवरी कर्मचारी द्वारा 3500 रुपये में सिलेंडर देने की बात सामने आई। इस खुलासे के बाद मौके पर भारी हंगामा हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। वहीं, होम डिलीवरी ठेकेदार को तत्काल मौके पर बुलाया गया।



