मतदाता सूची पर कांग्रेस का हल्लाबोल, 8 अक्टूबर तक चलेगा ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’
रुद्रपुर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। शनिवार को सिटी क्लब रुद्रपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गावा, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल और महानगर अध्यक्ष ममता रानी ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर 2 से 8 अक्टूबर तक प्रदेशभर में लोकतंत्र बचाओ सप्ताह और वोट बचाओ देश बचाओ मार्च आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों में इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों को भी शामिल किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि 29 सितंबर को हुई कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूचियों को लेकर पार्टी की ओर से उठाए जा रहे मुद्दों पर आंदोलन को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। कांग्रेस मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठा रही है। हिमांशु गावा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसी मुद्दे को लेकर जनता के बीच जाएगी और मतदाता सूची से जुड़े विषयों को लेकर जागरूकता अभियान चलाएगी। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता लोकतंत्र और मताधिकार से जुड़े विषयों को लेकर जिले से लेकर बूथ स्तर तक कार्यक्रम आयोजित करेंगे। उन्होंने कहा कि आंदोलन में इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों को भी साथ लिया जाएगा। महानगर अध्यक्ष ममता रानी ने बताया कि अभियान के पहले दिन जिला स्तर पर इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ संयुक्त बैठक के बाद पत्रकार वार्ता की जाएगी। दूसरे दिन ब्लाक स्तर पर संयुक्त तैयारी बैठकें आयोजित कर जिला स्तरीय मार्च की रूपरेखा तैयार की जाएगी। तीसरे दिन सहयोगी दलों के साथ जिला स्तरीय मार्च निकाला जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिला स्तरीय मार्च गल्ला मण्डी से शुरू होकर डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति तक जायेगा उसके बाद मुख्य मार्ग पर पुतला दहन किया जायेगा तत्पश्चात जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन दिया जायेगा। पत्रकार वार्ता में पूर्व जिलाध्यक्ष अजय कुमार सिंह, सपा छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष ओशीन सिंह यादव, कम्युनिस्ट पार्टी एमएल की प्रांतीय सदस्य अमनदीप कौर, ज्योति टम्टा, उमा सरकार, सतीश कुमार, सुभाष राय, केरू मंडल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


