स्कूल चोरी के पीछे निकला नशे का खेल, दो शातिर चढ़े पुलिस के हत्थे,पुराने मुकदमों का लंबा इतिहास, विजय पर सात और राजेश पर पहले से दर्ज है चोरी का मुकदमा
खबरीलाल खोज (मनीश बावा) दिनेशपुर। समाजोत्थान उच्च माध्यमिक विद्यालय में हुई चोरी का दिनेशपुर पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का शत-प्रतिशत माल बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए विद्यालय में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। गिरफ्तार आरोपियों में विजय सरकार और राजेश सरकार निवासी टेकपाड़ा वार्ड नंबर नौ, दिनेशपुर शामिल हैं।
29 सितंबर को विद्यालय के प्रधानाचार्य वीरेश कुमार ने थाना दिनेशपुर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर विद्यालय में घुसकर सीसीटीवी डीवीआर, एम्पलीफायर, तीन स्पीकर, इन्वर्टर और एसएनपीएस डिवाइस समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं। मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
एसएसपी अजय गणपति ने घटना के शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए। एसपी सिटी और सीओ पंतनगर के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष दिनेशपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संदिग्धों की तलाश शुरू की।
महतोष-मकरंदपुर रोड पर नदी किनारे दबोचे
30 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि विद्यालय में चोरी करने वाले आरोपी चोरी का माल बेचने की फिराक में महतोष-मकरंदपुर रोड पर नदी किनारे घूम रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर विजय सरकार (25) और राजेश सरकार (27) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से विद्यालय से चोरी किया गया पूरा सामान बरामद हो गया।
पूछताछ में नशे की लत के लिए चोरी करना कबूला
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए दोनों ने मिलकर विद्यालय में चोरी की थी। पुलिस के अनुसार चोरी का पूरा माल बरामद होने से मामले का खुलासा हो गया। मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। दोनों के विरुद्ध अन्य निरोधात्मक कार्रवाई भी की जा रही है।
विजय पर सात, राजेश पर एक पुराना मुकदमा
पुलिस के अनुसार विजय सरकार के खिलाफ पहले से चोरी, आबकारी अधिनियम, अवैध शस्त्र और एनडीपीएस एक्ट से संबंधित कुल सात मुकदमे दर्ज हैं। वहीं राजेश सरकार के खिलाफ भी पूर्व में चोरी का मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाला है। पुलिस ने सीसीटीवी डीवीआर, एम्पलीफायर, तीन स्पीकर, इन्वर्टर और एसएनपीएस डिवाइस बरामद किया है। पुलिस टीम एएसआई जीवन चंद्र जोशी, हेड कांस्टेबल कृपाल बोरा और कांस्टेबल महेंद्र सिंह।


