दिबडिब्बा में गोलियों से भूनकर हत्या,15 दिन पहले ही जेल से बाहर आया था सनी
रुद्रपुर से सटे दिबडिब्बा में सनसनीखेज वारदात, अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने तीन अज्ञात बाइक सवारों ने की फायरिंग, मौके पर मौत
रामपुर/रुद्रपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के बिलासपुर थाना क्षेत्र के दिबडिब्बा में आज सनसनीखेज वारदात सामने आई। अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने संदीप चौहान उर्फ सन्नी उर्फ सनिया पुत्र तेजपाल को तीन अज्ञात बाइक सवारों ने कथित तौर पर गोली मार दी।जानकारी के अनुसार, उसके सिर में तीन से चार गोलियां लगने और मौके पर ही मौत होने की सूचना है।
बताया जा रहा है कि सनी करीब 15 दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। उसके आपराधिक इतिहास से जुड़े विवरण में वर्ष 2016 से 2026 तक कुल 16 मुकदमों का उल्लेख है। इनमें लूट, जानलेवा हमले, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किए जाने की सूचना है। कोतवाल जीत सिंह और सीओ हर्षिता सिंह के घटनास्थल पर पहुचे है।
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है। हमलावरों की पहचान, वारदात के कारण और जेल से बाहर आने के बाद की गतिविधियों को लेकर आधिकारिक पुलिस पुष्टि का इंतजार है।



