वाल्मीकि समाज के बीच पहुंचे ठुकराल, आयोजकों ने किया गर्मजोशी से स्वागत
ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा)रुद्रपुर। महर्षि वाल्मीकि धर्म समाज कल्याण समिति की ओर से भगवान वाल्मीकि प्रकटोत्सव के अवसर पर गांधी कॉलोनी स्थित वाल्मीकि मंदिर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल को आयोजकों ने बड़ी माला पहनाकर, पगड़ी पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि भगवान महर्षि वाल्मीकि ने अपने विचारों और रचनाओं के माध्यम से समाज को सत्य, न्याय, समानता और सदाचार का संदेश दिया। उनका जीवन हमें मानवता की सेवा करने, आपसी भाईचारा बनाए रखने और समाज में प्रेम व सद्भाव के साथ रहने की प्रेरणा देता है। भगवान वाल्मीकि के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं और प्रत्येक व्यक्ति को उनके बताए मार्ग पर चलने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सामाजिक आयोजन महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही समाज में एकता और समरसता को मजबूत करने का काम करते हैं। भगवान वाल्मीकि प्रकटोत्सव सभी को उनके आदर्शों को आत्मसात करने और समाज के हित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान बंटी, ज्ञान चंद्र, सुरेंद्र, शिवा, संजीव खरौलिया, संजय राठौर, रोहन, विपिन, मुन्नी देवी, संतोष, बबिता, सरोज, अनिता और पूजा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


