महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों पर चलकर ही बनेगा समरस समाज : ठुकराल
प्रकटोत्सव पर पूर्व विधायक ने किया प्रतिमा पर माल्यार्पण, बोले—सत्य, धर्म और मानवता का मार्ग दिखाती हैं महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाएं
रुद्रपुर। भगवान महर्षि वाल्मीकि के प्रकटोत्सव के अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने नगर निगम परिसर स्थित महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान उन्होंने महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए लोगों से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
पूर्व विधायक ठुकराल ने कहा कि रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि भारतीय संस्कृति, साहित्य और आध्यात्मिक चेतना के महान स्तंभ हैं। उन्होंने अपनी तपस्या, ज्ञान और लेखनी के माध्यम से समाज को ऐसी अमूल्य धरोहर दी, जो युगों-युगों तक मानवता का मार्गदर्शन करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने रामायण के माध्यम से मर्यादा, कर्तव्य, त्याग, करुणा और आदर्श जीवन के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को सत्य, धर्म, सदाचार और मानवता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।
ठुकराल ने कहा कि महापुरुषों के आदर्श केवल जयंती और धार्मिक आयोजनों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उन्हें अपने आचरण और दैनिक जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। महर्षि वाल्मीकि का जीवन संदेश देता है कि दृढ़ संकल्प, साधना और ज्ञान के बल पर व्यक्ति न केवल अपना जीवन बदल सकता है, बल्कि पूरे समाज को नई दिशा भी दे सकता है।
उन्होंने समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव, समानता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाओं को आत्मसात करना आज के समय की आवश्यकता है।
इस अवसर पर संजय ठुकराल, राजू गुप्ता, सोनू मुल्तानी, सुनील चुघ, अजय नारायण सिंह, कुंवर पाल कोली, राजवीर सिंह विर्क, हिम्मत राम कोली, केरू मंडल, कृष्ण कोली, राम चंदर कोली, हरीश मंडल, रणजीत सरकार, सोनू राय, अमलेन्दु मंडल, अंकित मंडल, सुधीर सरकार, सोनू मंडल, दीपो मंडल, किशना मंडल, प्रताप सरकार, रोहित कुमार और मनोज वाल्मीकि सहित अनेक लोग मौजूद रहे।


