ओमेक्स के आलीशान विला में जुए की महफिल, पुलिस ने मारा छापा, 3.88 लाख के साथ छह गिरफ्तार
रुद्रपुर। शहर की पॉश कॉलोनी ओमेक्स रिवेरा के एक आलीशान विला में चल रही जुए की महफिल पर पुलिस ने छापा मारकर छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान विला की दूसरी मंजिल पर ताश और पोकर के जरिए हार-जीत की बाजी लगाई जा रही थी। मौके से 3 लाख 88 हजार 100 रुपये की नकदी, ताश की गड्डियां और पोकर सेट बरामद किया गया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर विभव सैनी के पर्यवेक्षण में 26 अक्टूबर को पंतनगर, रुद्रपुर कोतवाली और सिडकुल चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर ओमेक्स रिवेरा स्थित लेमेडा विला संख्या 39 में दबिश दी।पुलिस के अनुसार, टीम जब विला की दूसरी मंजिल पर पहुंची तो वहां छह व्यक्ति ताश और पोकर के माध्यम से रुपये दांव पर लगाकर जुआ खेलते मिले। पुलिस ने मौके से सभी छह लोगों को हिरासत में लेकर नकदी और जुआ खेलने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री कब्जे में ले ली।
पॉश कॉलोनी में जुए का अड्डा, छह लोग चढ़े पुलिस के हत्थे
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार (43) निवासी ओमेक्स रिवेरा, अशोक कुमार (50) निवासी गदरपुर, अपूर्व कुमार (35) निवासी रुद्रपुर, अभिषेक कुमार (42) निवासी ओमेक्स, मनवेन्द्र सिंह (34) निवासी ओमेक्स और विवेक गुप्ता (46) निवासी ओमेक्स के रूप में की है। छापेमारी में पुलिस ने 3,88,100 रुपये नकद, 52-52 पत्तों वाली ताश की दो गड्डियां, एक टेक्सास होल्डम पोकर सेट और विभिन्न रंगों के पोकर चिप्स बरामद किए हैं।
जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने बताया कि सभी छह आरोपियों के खिलाफ कोतवाली पंतनगर में एफआईआर संख्या 222/2026 के तहत धारा 13 जुआ अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। बरामद नकदी और अन्य सामग्री सीलबंद कर दी गई है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
संयुक्त पुलिस टीम ने दिया कार्रवाई को अंजाम
छापेमारी करने वाली टीम में रुद्रपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय पाठक, पंतनगर थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत, सिडकुल चौकी प्रभारी हेमंत कठैत, संजयवन चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह अधिकारी, उपनिरीक्षक प्रदीप पंत, धीरज टम्टा, संदीप शर्मा, अपर उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र बवाड़ी, हेड कांस्टेबल मनोज बोरा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।पुलिस की इस कार्रवाई ने पॉश कॉलोनियों में जुआ गतिविधियों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।


