स्कूली व यात्री वाहनों पर परिवहन विभाग का शिकंजा, 88 चालान और 15 वाहन सीज
रुद्रपुर में परिवहन विभाग, विधिक सेवा प्राधिकरण और पुलिस का संयुक्त चेकिंग अभियान, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर हुई कार्रवाई
ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा) रुद्रपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने स्कूली एवं यात्री वाहनों के खिलाफ विशेष सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है। परिवहन आयुक्त उत्तराखंड के निर्देशों तथा उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के आदेशों के क्रम में 16 से 22 नवंबर 2026 तक चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी अभियान के तहत रुद्रपुर क्षेत्र में परिवहन विभाग, विधिक सेवा प्राधिकरण और पुलिस की संयुक्त टीमें वाहनों की जांच कर रही हैं।
अभियान के तहत 17 नवंबर को परिवहन कर अधिकारी आशुतोष डिमरी, आनंद प्रकाश गुप्ता, तारकेन्द्र वैष्णव एवं मुकुल अग्रवाल के नेतृत्व में प्रवर्तन टीमों ने विभिन्न स्थानों पर स्कूली बसों, स्कूल वैन, स्कूल कैब और यात्री वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 88 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 15 वाहनों को सीज कर दिया गया।
जांच के दौरान सबसे अधिक 25 वाहन बिना टैक्स संचालित होते पाए गए। वहीं, 22 वाहन चालकों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं मिला। इसके अलावा 10 वाहनों का वैध बीमा नहीं था और आठ वाहन बिना फिटनेस प्रमाणपत्र के संचालित हो रहे थे। पांच वाहनों में सीसीटीवी कैमरे नहीं मिले, पांच में अग्निशमन यंत्र और दो में प्राथमिक उपचार पेटिका उपलब्ध नहीं थी। वहीं, तीन वाहन बिना परमिट के संचालित पाए गए। ओवरलोडिंग एवं मोटर वाहन अधिनियम के अन्य प्रावधानों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई।
परिवहन विभाग की ओर से विशेष रूप से स्कूली वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है। इसमें सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स, वाहन की फिटनेस और चालक के वैध ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता प्रमुख रूप से शामिल है।
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों और चालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन, वाहन स्वामियों और चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज एवं सुरक्षा उपकरण पूर्ण रखें और यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें।





