Breaking News

राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने पंतनगर में की उच्चस्तरीय बैठक, नशे पर प्रभावी रोकथाम और सड़क सुरक्षा के दिए निर्देश

राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने पंतनगर में की उच्चस्तरीय बैठक, नशे पर प्रभावी रोकथाम और सड़क सुरक्षा के दिए निर्देश

जनजातीय क्षेत्रों में केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने पर दिया जोर, ऊधम सिंह नगर और नैनीताल के विकास कार्यों की समीक्षा की

ख़बरीलाल ख़ोज (मनीश बावा) पंतनगर। राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने मंगलवार को गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर के सभागार में ऊधम सिंह नगर और नैनीताल जनपद के जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों एवं प्रभागीय वनाधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में दोनों जिलों में संचालित विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से जिले की भौगोलिक स्थिति, विकास कार्यों और प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनजातीय बच्चों की शिक्षा के लिए जिले में दो एकलव्य मॉडल स्कूल संचालित हैं। किच्छा में सेटेलाइट एम्स का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और जल्द ही इसका संचालन शुरू किया जाएगा। वहीं, रुद्रपुर में मेडिकल कॉलेज तथा जिला चिकित्सालय में क्रिटिकल केयर सेंटर का निर्माण पूरा हो चुका है।

उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को नीट एवं जेईई परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग और शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा प्रत्येक ब्लॉक, न्याय पंचायत एवं जिला स्तर पर पुस्तकालय संचालित किए जा रहे हैं। कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल, वेयरहाउस तथा काशीपुर में 10 एमएलडी क्षमता के एसटीपी का निर्माण कराया जा रहा है।

यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रुद्रपुर और काशीपुर में ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। रुद्रपुर रिंग रोड के निर्माण से यातायात जाम की समस्या में काफी राहत मिली है, जबकि काशीपुर बाइपास सड़क का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य अतिथि गृह का निर्माण कार्य भी पूरा हो चुका है। इस दौरान एसएसपी अजय गणपति ने जिले की कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की।

वहीं, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने जनपद में संचालित प्रमुख विकास परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जमरानी बांध परियोजना का कार्य प्रगति पर है, जिसे वर्ष 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हल्द्वानी में एडीबी के सहयोग से संचालित परियोजना के अंतर्गत सड़क, फुटपाथ और ड्रेनेज से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि कैंचीधाम एवं कौसानी-बागेश्वर सड़क मार्ग के डामरीकरण का कार्य भी प्रगति पर है। इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नैनीताल, रामनगर और कैंचीधाम में बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने जिले की कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी।

बैठक में राज्यपाल ने अधिकारियों को नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने के लिए ठोस एवं प्रभावी कदम उठाए जाएं। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए जाएं तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटना होने की स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए चिह्नित संवेदनशील स्थानों पर एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

राज्यपाल ने जनजातीय क्षेत्रों के विकास पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसके तहत सभी जनजातीय क्षेत्रों में पात्र लोगों को योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित कराया जाए।

उन्होंने अवैध मदिरा के कारोबार और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के भी निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों से केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति और उनके क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

 

बैठक में जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति, एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी, प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अरविंद पांडेय, सीएमओ डॉ. एसके गोस्वामी, डॉ. रश्मि पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.