मानसून से पहले अलर्ट: रूद्रपुर में प्रशासन सख्त, जलभराव- बाढ़ से निपटने की तैयारी तेज

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा) रूद्रपुर : अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने जिला आपदा प्रबंधन सभागार में बैठक लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून से पहले ही जलभराव और बाढ़ जैसी स्थितियों से निपटने की सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी जमीनी स्तर पर निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि जिन क्षेत्रों में पिछले वर्षों में अधिक जलभराव हुआ, वहां जल निकासी और सुरक्षात्मक कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने उप जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में सिंचाई, लोक निर्माण विभाग और नगर निकाय अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर नदियों, नालों और नहरों में मलवा हटाने या ड्रेजिंग की आवश्यकता होने पर प्रस्ताव जल्द प्रस्तुत करें। साथ ही नगर निकायों को नालियों और नालों की सफाई कर जीओ टैग के साथ फोटो उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि वर्षा शुरू होने से पहले सफाई का दूसरा चरण भी पूरा किया जाए और जलभराव वाले क्षेत्रों में छिड़काव के लिए पर्याप्त दवाएं उपलब्ध रखी जाएं। सड़क विभाग को स्कवर और पुलियों के नीचे जमा मलवा हटाने के निर्देश भी दिए गए।
आपदा प्रबंधन को लेकर उन्होंने एसडीआरएफ, पुलिस और अन्य विभागों को सभी उपकरणों का भौतिक परीक्षण करने तथा खराब उपकरणों की मरम्मत कराने को कहा। उन्होंने 15 जून से पहले रिवर चैनलाइजेशन और नालों की सफाई के कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग को बिजली लाइनों के पास पेड़ों की लॉपिंग-चॉपिंग, जर्जर पोल बदलने और ढीले तारों को कसने के निर्देश दिए गए। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी को आपदा के समय खाद्य सामग्री वितरण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं और टेंडर प्रक्रिया समय से पूरी करने को कहा गया।
बैठक में नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, ओसी हिमांशु कफल्टिया, अधिशासी अभियंता सिंचाई बीएस डांगी, जिला पंचायतराज अधिकारी विद्या सिंह सोमनाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी, जिला पूर्ति अधिकारी विनोद चन्द्र तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे, जबकि कई अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

