Breaking News

घरेलू क्लेश के चलते पति ने पत्नी की गला दबाकर की हत्या मौके से आरोपी पति गिरफ्तार, समाजसेवी सुशील गाबा एवं कांग्रेस नेता मोहन खेड़ा पहुंचे मौके पर

घरेलू क्लेश के चलते पति ने पत्नी की गला दबाकर की हत्या

मौके से आरोपी पति गिरफ्तार, समाजसेवी सुशील गाबा एवं कांग्रेस नेता मोहन खेड़ा पहुंचे मौके पर

रुद्रपुर: रुद्रपुर के भूरारानी क्षेत्र स्थित वार्ड 32 की दुर्गा कॉलोनी में घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अनिल राम अपनी पत्नी मधु के साथ पप्पू लाला के मकान में किराये पर रह रहा था। दोनों की शादी पांच वर्ष पूर्व प्रेम विवाह के रूप में हुई थी। मधु मूल रूप से छत्तीसगढ़ की रहने वाली थी। शादी के बाद पारिवारिक असहमति के कारण दंपत्ति अलग रह रहा था।

बताया जा रहा है कि सुबह से ही दोनों के बीच विवाद चल रहा था। मधु ने अपनी पड़ोसी सहेली को फोन कर बताया कि उसका पति उससे मारपीट कर रहा है। सहेली मौके पर पहुंची और दोनों को समझा-बुझाकर शांत कर दिया। दो घंटे बाद जब वह पुनः खाना लेकर उनके घर पहुंची, तो मधु को बेहोश पाया। उसकी चीख सुनकर पड़ोसी एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पुलिस के साथ समाजसेवी सुशील गाबा और कांग्रेस नेता मोहन खेड़ा भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतका के पति अनिल राम को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार एवं फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

समाजसेवी सुशील गाबा ने कहा कि यह घटना दर्शाती है कि अनियंत्रित क्रोध विनाशकारी होता है। यदि समय रहते व्यक्ति अपने गुस्से को नियंत्रित नहीं करता, तो यह स्वयं और परिवार दोनों को बर्बाद कर सकता है।

वहीं कांग्रेस नेता मोहन खेड़ा ने कहा कि यह बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना है। सभी को अपने क्रोध और भावनाओं पर नियंत्रण रखना चाहिए ताकि ऐसे हादसे दोबारा न हों।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.