Breaking News

राजनीतिक रसूख में दबा सचिन हत्याकांड,आईजी से शिकायत

राजनीतिक रसूख में दबा सचिन हत्याकांड, आईजी से शिकायत

रुद्रपुर: बाजपुर में एक विवाह समारोह के दौरान हुई हिंसा में घायल हुए रुद्रपुर निवासी दलित युवक सचिन की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। शुक्रवार को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने कुमाऊं परिक्षेत्र की आईजी रिद्धिम अग्रवाल से मुलाकात कर मामले में निष्पक्ष जांच और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने आईजी को सौंपे ज्ञापन में आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस ने मामले में केवल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य नामजद आरोपी, जो राजनीतिक रसूख रखते हैं, अभी भी खुलेआम घूम रहे हैं। इससे पीड़ित परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।
बताया गया कि रुद्रपुर के रामपुर निवासी दिव्यांग ओम प्रकाश का 17 वर्षीय पुत्र सचिन बीते 23 नवंबर को बाजपुर की दीपा कॉलोनी में एक बारात में शामिल होने गया था। वहां मामूली विवाद के बाद लड़की पक्ष के कुछ दबंगों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और कथित तौर पर उसे छत से नीचे फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल सचिन को इलाज के लिए बरेली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पूर्व विधायक ठुकराल ने आईजी को बताया कि पीड़ित परिवार अत्यंत निर्धन है और आरोपियों द्वारा लगातार डराया-धमकाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव के चलते पुलिस शेष आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई से बच रही है। उन्होंने मामले की विवेचना किसी निष्पक्ष अधिकारी को सौंपने और पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
आईजी रिद्धिम अग्रवाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में मृतक के पिता ओम प्रकाश सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Advertisement

Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.