Breaking News

दिल्ली धमाके के बाद उत्तराखंड हाई अलर्ट पर — हर जिले में सुरक्षा कड़ी

Share

 

देहरादून/रुद्रपुर : दिल्ली के लाल किले के पास हुए कार धमाके की गंभीरता को देखते हुए उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक ने पूरे राज्य में हाई अलर्ट जारी कर दिया है।

राज्य के सभी जनपदों में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के निर्देश दिए गए हैं। अंतरराष्ट्रीय व अंतरराज्यीय सीमाओं, संवेदनशील एवं धार्मिक स्थलों, बाजारों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, मॉल तथा अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया है।

सभी जिला प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने, गश्त व चेकिंग बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों की त्वरित सूचना देने के निर्देश मिले हैं। साथ ही, सोशल मीडिया की निगरानी भी तेज कर दी गई है ताकि किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक सूचना को रोका जा सके।

राज्य के सभी जिलों में चीता मोबाइल यूनिट्स, पेट्रोल कार, बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) और डॉग स्क्वाड को सक्रिय कर दिया गया है। इन टीमों द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर तलाशी एवं चेकिंग की जा रही है।

राज्य स्तर पर सभी गतिविधियों की कड़ी निगरानी पुलिस मुख्यालय के कंट्रोल रूम से की जा रही है।

पुलिस महानिदेशक ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने या डायल 112 पर दें।

उत्तराखंड पुलिस ने कहा है कि वह पूर्ण सतर्कता के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर पैनी निगरानी रखे हुए है।


Share
error: Content is protected !!