Breaking News

रुद्रपुर में जेसीबी की चपेट में आने से महिला की मौत, हादसा देख बिलखती रही मासूम

रुद्रपुर में जेसीबी की चपेट में आने से महिला की मौत, हादसा देख बिलखती रही मासूम

रूद्रपुर। शनिवार की रात्रि हल्द्वानी मार्ग पर परशुराम चौक के पास बेटी को साथ लेकर सड़क पार कर रही एक महिला को डीडी चौक की ओर से तेज गति से आ रही जेसीबी के चालक ने कुचल दिया। जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गई। जबकि उसकी बेटी सुरक्षित बच गई। महिला को जिला चिकित्सालय ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार रविन्द्रनगर निवासी 29 वर्षीय विमला देवी पत्नी ब्रजकिशोर अपनी 6 वर्षीय पुत्री चित्रंशा के साथ बहन के साथ रहती थी। बताया जाता है कि शनिवार की देर सायं वह सामान लेने लिए बाजार गई थी। वापस लौटते समय जब वह परशुराम चौक पर बेटी के साथ सड़क पार कर रही थी इसी दौरान डीडी चौक की ओर से तेज गति से आती जेसीबी संख्या यूके 04 एएल 1647 के अज्ञात चालक ने विमला देवी को टक्कर मार कर उसे कुचल दिया। घटना के बाद जेसीबी चालक वाहन सहित मौके से भागने लगा और कुछ दूरी पर जेसीबी अनियंत्रित होकर डिवाईडर से टकराई। चालक वाहन छोड़ मौके से भाग गया। विमला देवी काफी देर तक सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़ी रही। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी को कब्जे में लेकर घायल महिला को जिला चिकित्सालय पहुंचाया जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मामले की जानकारी मिलने पर मृतका के परिजन भी आ पहुंचे और उनमें कोहराम मच गया। बताया जाता है कि मृतका विमला पारिवारिक कारणों से पति से अलग पुत्री के साथ बहन के पास रहती थी और सिडकुल की एक कम्पनी में काम कर परिवार का भरण पोषण करती थी। मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि जेसीबी चालक घटना के समय नशे की हालत में था। पुलिस ने जेसीबी कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.