Breaking News

शादी की खुशियाँ मातम में बदलीं—अंशुल बिष्ट व अखिल बिष्ट की मौत से क्षेत्र में शोक; दूसरी घटना में अरबाज और जीशान की जान गई, समाजसेवियों ने परिजनों को दी सांत्वना

रुद्रपुर : रूद्रपुर व आसपास के क्षेत्र में शनिवार देर रात दो दर्दनाक सड़क हादसों ने पूरे इलाके को शोकाकुल कर दिया। अलग–अलग घटनाओं में चार नौजवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पतालों में उपचाररत हैं। हादसों की खबर लगते ही पूरे क्षेत्र में मातम छा गया।

पहला हादसा देर रात उस समय हुआ जब मूल रूप से यूपी के गांव फौजी खेमरी निवासी और रूद्रपुर के पुराने फल–सब्जी आढ़ती प्रकाश सिंह बिष्ट के छोटे पुत्र अंशुल बिष्ट कुछ परिजनों व मेहमानों को रोडवेज बस स्टेशन छोड़ने जा रहे थे। महतोष मोड़ के समीप उनकी कार सड़क पर बिना संकेत के खड़े एक अज्ञात वाहन से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंशुल बिष्ट और उनके चचेरे भाई अखिल बिष्ट निवासी कोटद्वार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। कार की पिछली सीट पर बैठे राजेंद्र पांडा निवासी घास मंडी और रोहित रावत निवासी पौड़ी गढ़वाल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

Advertisement

दोनों मृतकों के शव रात में ही पोस्टमार्टम के लिए रूद्रपुर पोस्टमार्टम हाउस लाए गए, जहां प्रक्रिया पूरी कर परिजनों को सौंप दिए गए।

इसी बीच रात को हुई दूसरी दुखद घटना में रूद्रपुर स्थित नैक्सा शोरूम में कार्यरत अरबाज और जीशान, निवासी मोहल्ला मुल्ला मोहम्मदपुर, बहेड़ी, देवरिया के पास एक अनियंत्रित बस की चपेट में आ गए। हादसा इतना अचानक था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए।

सुबह होते ही घटनाओं की खबर क्षेत्र में फैल गई और कई लोग शोक प्रकट करने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। समाजसेवी सुशील गाबा, जगदीश तनेजा, प्रकाश शर्मा और हैप्पी रंधावा सहित समाज के कई लोग परिजनों से मिले और उन्हें सांत्वना दी।

समाजसेवी सुशील गाबा ने कहा कि लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाएँ पूरे समाज को झकझोर रही हैं। उन्होंने नेशनल हाईवे अधिकारियों से हाईवे पर उचित रोशनी की व्यवस्था करने और रात में सड़क पर बेतरतीब खड़ी गाड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, ताकि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

इन दोनों दर्दनाक दुर्घटनाओं ने रूद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों में गहरा शोक फैलाया है। चार युवा जिंदगियों का यूं अचानक बुझ जाना हर किसी को व्यथित कर गया है।

Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.