बंद मकान का ताला तोड़कर उड़ाए सोने के जेवर, तीन शातिर चोर गिरफ्तार
ऑपरेशन प्रहार के तहत ट्रांजिट कैंप पुलिस की कार्रवाई, चोरी के आभूषण शत-प्रतिशत बरामद; दो आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी आया सामने
ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा) रुद्रपुर। शहर में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत ट्रांजिट कैंप पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बंद मकान का ताला तोड़कर सोने के आभूषण चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, शिव गार्डन कॉलोनी निवासी प्रदीप कुमार 25 अक्टूबर को रिश्तेदारी में गए थे। 27 अक्टूबर को पड़ोसी ने उन्हें घर का ताला टूटा होने की सूचना दी। घर पहुंचने पर अलमारी से सोने के आभूषण गायब मिले। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली ट्रांजिट कैंप में मुकदमा दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र को सौंपी गई।
एसएसपी के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार के तहत प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चोरों की तलाश शुरू की। 6 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पंचवटी कॉलोनी में घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से सोने के कान के झाले, झुमके, मंगलसूत्र का लॉकेट, चेन और अंगूठी समेत अन्य सामान बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने शिव गार्डन कॉलोनी स्थित बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी करने की बात स्वीकार की। मौके पर बुलाए गए पीड़ित प्रदीप कुमार ने बरामद आभूषणों की पहचान अपने सामान के रूप में की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश राजपूत (22), सुनील राजपूत (19) और राजेश राजपूत (40), निवासी ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, राकेश और सुनील के खिलाफ पूर्व में भी चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा, उपनिरीक्षक प्रकाश चन्द्र, उपनिरीक्षक जितेंद्र खत्री, उपनिरीक्षक चन्द्र प्रकाश बवाड़ी एवं हेड कांस्टेबल अनिल कुमार सहित पुलिसकर्मी।



