जय श्रीराम, वंदे मातरम और भारत माता के जयकारों से गूंजा श्रीराम पार्क, स्वदेशी मेले की भव्यता देख गदगद हुए डीएम
ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा) रुद्रपुर। श्रीराम पार्क में नगर निगम की ओर से आयोजित स्वदेशी दीपावली मेले में शनिवार की शाम दीपोत्सव का आयोजन उत्साह, उमंग और देशभक्ति के रंगों के बीच संपन्न हुआ। दीपोत्सव के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम और जय श्रीराम के गगनभेदी नारों से पूरा मेला परिसर गूंज उठा। दीपों की रोशनी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी के बीच उत्सव का माहौल देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर दीपोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने महापौर विकास शर्मा के साथ मेले का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्थानीय व्यापारियों से आत्मीयता के साथ मुलाकात की।

जिलाधिकारी ने मेले में लगे विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया और दुकानदारों से उनके कारोबार तथा नगर निगम की ओर से की गई व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मिट्टी के दीये खरीदकर स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। वहीं मेले में पान की दुकान पर पहुंचकर पान का स्वाद भी लिया। जिलाधिकारी ने दुकानदारों से बातचीत करते हुए दीपावली की शुभकामनाएं दीं और कहा कि स्थानीय व्यापारियों तथा छोटे उद्यमियों को ऐसे आयोजनों से बेहतर अवसर मिलते हैं। व्यापारियों ने भी जिलाधिकारी को दीप भेंटकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उनके आगमन पर प्रसन्नता जताई।

मेले के भ्रमण के बाद जिलाधिकारी मंच पर पहुंचे, जहां महापौर विकास शर्मा ने उनका स्वागत करते हुए स्मृति चिह्न भेंट किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने मेले में शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले कलाकारों की सराहना की और उन्हें सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी दीपावली मेले का स्वरूप लगातार भव्य होता जा रहा है। नगर निगम की यह पहल स्थानीय व्यापारियों, महिला स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।
जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने कहा कि नगर निगम की इस शानदार पहल के लिए महापौर और उनकी पूरी टीम बधाई की पात्र है। यह मेला अब वृहद स्वरूप ले चुका है। यहां एक ही स्थान पर सभी तरह का सामान उपलब्ध है। बच्चों के मनोरंजन से लेकर परिवारों के लिए जरूरी सुविधाओं तक का बेहतर इंतजाम किया गया है। ऐसे आयोजन त्योहारों की खुशियां मिल-जुलकर बांटने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली जैसे पर्व पर स्थानीय व्यापारियों और स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहित करना भी बेहद जरूरी है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है और छोटे कारोबारियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि पिछले करीब दो वर्षों में महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में नगर निगम ने कई अच्छे कार्य किए हैं। एक अच्छा लीडर वही होता है, जो व्यवस्थाओं में बदलाव लाकर उन्हें पहले से बेहतर बनाने का प्रयास करे। उन्होंने कहा कि नगर निगम की ओर से शहर के विकास और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। रुद्रपुर के विकास के लिए जिला प्रशासन का पूरा सहयोग रहेगा और शहर को आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
महापौर विकास शर्मा ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिलाधिकारी नितिन भदौरिया का लगातार मार्गदर्शन और सहयोग मिलता रहा है। उनके सहयोग से शहर के विकास कार्यों को गति देने में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि पिछली बार कम समय में आनन-फानन में मेले का आयोजन किया गया था, लेकिन इस बार इसे भव्य स्वरूप देने का प्रयास किया गया है। नगर निगम का उद्देश्य केवल मेला आयोजित करना नहीं, बल्कि शहर के लोगों को खुशियां देना, स्थानीय व्यापारियों को आगे बढ़ाना और शहर के विकास में सभी की भागीदारी सुनिश्चित करना है।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में रुद्रपुर को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। लक्ष्य है कि रुद्रपुर को उत्तराखंड का नंबर वन शहर बनाया जाए। इसके लिए आधारभूत सुविधाओं के विकास के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। स्वदेशी दीपावली मेला इसी सोच का हिस्सा है, जहां स्थानीय व्यापारियों, लघु उद्यमियों, महिला समूहों और स्वदेशी उत्पादों को एक बेहतर मंच मिल रहा है।
इस अवसर पर धीरेन्द्र मिश्रा, राजेश जग्गा, पवन गावा, गौरव जुयाल, पार्षद पवन राणा, उद्योगपति सौरभ अग्रवाल, रमेश कालड़ा सहित नगर निगम के पार्षद, नामित पार्षद, महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं, स्थानीय व्यापारी और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।





