मानवता की मिसाल: सेवा क्रांति वेलफेयर ट्रस्ट के शिविर में 26 रक्तदाताओं ने किया रक्तदान
ख़बरीलाल ख़ोज, (मनीश बावा)रुद्रपुर : थैलसीमिया से पीड़ित मासूम बच्चों एवं जरूरतमंद मरीजों की जीवनरक्षा के उद्देश्य से सेवा क्रांति वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जय माँ भगवती इंटरप्राइजेज कार्यालय, बर्गली मार्केट, जवाहर नगर (निकट सैम मानेकशा ग्लोबल स्कूल) में आयोजित हुआ, जिसे रुद्रपुर चेरिटेबल ब्लड बैंक के सहयोग से सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया गया।
शिविर में समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 26 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। रक्तदाताओं के उत्साह और सेवा भावना ने शिविर को प्रेरणादायक बना दिया।
सेवा क्रांति वेलफेयर ट्रस्ट के संस्थापक एवं अध्यक्ष रामवीर यादव, उपाध्यक्ष अलका अरोड़ा, कपिल भैया, कमल कांत भैया, सावन भैया, अखिलेश भैया सहित ट्रस्ट के अन्य सदस्यों ने सभी रक्तदाताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि थैलसीमिया से पीड़ित बच्चों को हर 15 दिन में नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है, ऐसे में रक्तदान उनके लिए जीवनदायिनी भूमिका निभाता है।
ट्रस्ट पदाधिकारियों ने समाज के सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, कंपनियों, गुरुद्वारों, मंदिरों एवं मस्जिदों से अपील की कि वे आगे आकर अधिक से अधिक रक्तदान शिविर आयोजित करें। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी बच्चे का जीवन बचा सकता है, इसलिए रक्तदान को महादान समझकर इसे जन-आंदोलन बनाया जाना चाहिए।




