Breaking News

ऑडियो प्रकरण: एक तरफ माँ अस्पताल में, दूसरी तरफ मिठाइयाँ और प्रेस वार्ता—ठुकराल की भूमिका पर उठे कई सवाल

ऑडियो प्रकरण: एक तरफ माँ अस्पताल में, दूसरी तरफ मिठाइयाँ और प्रेस वार्ता—ठुकराल की भूमिका पर उठे कई सवाल

ख़बरीलाल खोज ( मनीश बावा) रुद्रपुर: ऑडियो प्रकरण को लेकर कांग्रेस नेत्री मीना शर्मा की शिकायत पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के अगले ही दिन घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया। आज पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल द्वारा प्रेस वार्ता की जा रही थी, ठीक उसी समय उनकी माता जी की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
लेकिन इसी बीच एक और दृश्य चर्चा में आ गया। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ही ठुकराल समर्थकों द्वारा मिठाइयाँ बांटे जाने लगीं। एक ओर मां की गंभीर तबीयत, दूसरी ओर जश्न जैसा माहौल—इस विरोधाभास ने राजनीतिक गलियारों में कई सवाल खड़े कर दिए।
इसी क्रम में कुछ ही समय बाद पूर्व विधायक के भाई संजय ठुकराल भी कोतवाली पहुंचे और ऑडियो प्रकरण की जांच को लेकर एक शिकायती पत्र सौंपा। संजय ठुकराल ने मांग की कि यह स्पष्ट किया जाए कि ऑडियो कैसे वायरल हुई और इसके पीछे कौन लोग हैं।
हालांकि, सबसे बड़ा सवाल यहीं से जन्म लेता है। संजय ठुकराल मीडिया के सामने कहते हैं कि “मेरे बड़े भाई बहुत जल्द ऑडियो वायरल करने वालों के नाम उजागर करेंगे।”
तो फिर सवाल यह है कि यदि पूरी जानकारी ठुकराल परिवार के पास है, तो एक वर्ष से इस ऑडियो प्रकरण का खुलासा क्यों नहीं किया गया?
और अगर ऑडियो पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल की नहीं है, तो फिर मीना शर्मा से माफी मांगने की जरूरत क्यों पड़ी?
संजय ठुकराल ने इस पूरे मामले को राजनीतिक साजिश बताते हुए कहा कि मीना शर्मा चुनावी समय में मुद्दा उछाल रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि “महापौर चुनाव के समय भी मीना शर्मा कोतवाली पहुंची थीं और अब विधायक चुनाव नजदीक आते ही फिर से ड्रामा शुरू कर दिया गया है।”
फिलहाल, ऑडियो प्रकरण ने राजनीति, संवेदना और सवालों को एक साथ खड़ा कर दिया है। अब देखना यह है कि जांच में सच्चाई सामने आती है या यह मामला भी चुनावी आरोप-प्रत्यारोप तक ही सीमित रह जाएगा।

Advertisement

Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.