Breaking News

सीएम धामी के नेतृत्व में ऐतिहासिक होगी पद यात्राः महापौर,पदयात्रा की तैयारियों का महापौर विकास शर्मा ने लिया जायजा

सीएम धामी के नेतृत्व में ऐतिहासिक होगी पद यात्राः महापौर,पदयात्रा की तैयारियों का महापौर विकास शर्मा ने लिया जायजा

 

ख़बरीलाल खोज (मनीश बावा) रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में मंगलवार को रुद्रपुर में निकलने वाली ‘अराजकता हटाओ, लोकतंत्र बचाओ पदयात्रा’ को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पदयात्रा को भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए सोमवार को महापौर विकास शर्मा ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के साथ गांधी पार्क पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। गांधी पार्क में पदयात्रा से पूर्व विशाल जनसभा भी आयोजित की जाएगी। महापौर ने जनसभा स्थल का निरीक्षण करने के साथ ही पदयात्रा के निर्धारित मार्ग पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित तैयारियों की जानकारी ली।

इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में होने वाली यह पदयात्रा ऐतिहासिक होगी। मुख्यमंत्री के रुद्रपुर आगमन पर उनका भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पदयात्रा को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ही आमजन में भी खासा उत्साह है। शहर के विभिन्न स्थानों पर समाज के अलग-अलग वर्गों द्वारा मुख्यमंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पदयात्रा के माध्यम से कांग्रेस की लोकतंत्र विरोधी मानसिकता और उसके द्वारा फैलाए जा रहे कथित झूठे नैरेटिव को जनता के सामने उजागर किया जाएगा।

महापौर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार देश में भ्रम और झूठ का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। कभी बांग्लादेश बनाने तो कभी नेपाल बनाने जैसे बयान दिए जा रहे हैं। एसआईआर के मुद्दे पर भी कांग्रेस ने झूठा नैरेटिव फैलाकर लोगों को भ्रमित करने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं, निर्वाचन आयोग, न्यायपालिका और प्रवर्तन निदेशालय जैसी संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाकर लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जनता में अविश्वास पैदा कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अमर्यादित टिप्पणियां करने के साथ ही उनकी स्वर्गीय माता और परिवार को भी निशाना बनाया जा रहा है। महापौर ने कहा कि सनातन संस्कृति और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रति भी कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियां उनकी मानसिकता को दर्शाती हैं।

उन्होंने कहा कि इन्हीं परिस्थितियों के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने ‘अराजकता हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत देशभर में पदयात्राओं का आयोजन करने का निर्णय लिया है। बीते दिनों श्रीनगर में आयोजित पदयात्रा को भी व्यापक जनसमर्थन मिला। इसी क्रम में मंगलवार को सुबह 10.30 बजे रुद्रपुर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पदयात्रा निकाली जाएगी। गांधी पार्क में जनसभा के बाद पदयात्रा शहर के मुख्य बाजार से होते हुए निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और जनता के जनादेश के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता का संदेश देगा।

महापौर ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का निर्णय सर्वाेपरि होता है और चुनाव ही जनसमर्थन का सबसे बड़ा प्रमाण हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा ने विधानसभा चुनाव में 47 सीटों के साथ जीत हासिल की। लोकसभा चुनाव में भी पार्टी को सफलता मिली और नगर निकाय, जिला पंचायत सहित विभिन्न चुनावों में भाजपा को जनता का समर्थन प्राप्त हुआ। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जनता का विश्वास हासिल करने के बजाय कांग्रेस झूठे नैरेटिव के सहारे सत्ता में आने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कांग्रेस के बड़े आयोजनों में भीड़ जुटाने के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता का समर्थन केवल दावों से नहीं, बल्कि उसके वास्तविक जुड़ाव से साबित होता है।

महापौर विकास शर्मा ने क्षेत्रवासियों से मंगलवार को सुबह 10.30 बजे गांधी पार्क पहुंचकर जनसभा एवं पदयात्रा में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम रुद्रपुर में एक ऐतिहासिक आयोजन के रूप में दर्ज होगा।

 

प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह बिष्ट,विधायक शिव अरोरा, दर्जा मंत्री रामपाल सिंह, उत्तम दत्ता,सुरेश कोली,अनिल चौहान,सुनील ठुकराल, ,मोर सिंह यादव, मुकेश पाल,सोनू चुघ,राजेन्द्र बिष्ट, राकेश सिंह, केके त्रिपाठी, रचित सिंह, बिट्टू चौहान, कुंदन परिहार, आदि समेत पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.